आसुनसियोन:पराग्वे के एक जज ने ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो और उनके भाई को पुलिस हिरासत से रिहा करने और आसुनसियोन के एक होटल में नजरबंद रखने का आदेश दिया है। जज गुस्तावो एमरिल्ला ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने ”रोनाल्डिन्हो और उनके भाई को होटल में नजरबंद रखने का आदेश दिया है।”
इन दोनों को पराग्वे में प्रवेश करने के लिए जाली पासपोर्ट का इस्तेमाल करने के लिए ठीक एक महीने पहले गिरफ्तार किया गया था। इस आदेश का मतलब है कि इन भाइयों को जेल की विकेट परिस्थितियों के बजाय आसुनसियोन के होटल में रहने का मौका मिलेगा, लेकिन उन्हें नजरबंद रखा जाएगा। पराग्वे की अपीली अदालत ने पिछले महीने इन दोनों भाइयों को रिहा करने से इनकार कर दिया था। इस कारण दो बार विश्व के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर चुने गए रोनाल्डिन्हो को अपना 40वां जन्मदिन जेल में मनाना पड़ा।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने इससे पहले उनके भाई की तीन बार दायर की गई जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। लेकिन इस बार कोर्ट ने उन्हें करीब 16 लाख अमेरिकी डॉलर की जमानत राशि पर रिहा करने का आदेश दिया। अदालत ने जमानत देने के साथ यह भी आदेश दिया कि मामले की जांच जारी होने तक दोनों भाई पालमारोगा होटल में ही रहेंगे।
39 साल के रोनाल्डिन्हो और 49 साल के उनके भाई एसिस को असुनसियोन में उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वे कथिततौर पर जाली पासपोर्ट के साथ पराग्वे में घुसे थे। दोनों भाई चार मार्च को पराग्वे पहुंचे थे। ये यहां एक चिल्ड्रेन चैरिटी कैम्पेन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। इस दौरान रोनाल्डिन्हो को अपने करियर पर आधारित किताब का भी प्रचार करना था।

