मुंबई:पूरे देश में इस समय कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन लागू हो रखा है जिसके चलते बिना वजह लोगों के घर से बाहर निकलने पर पूरी तरह पाबंदी है। जो लोग इस आदेश का उल्लंघन कर रहे हैं, उन पर पुलिस द्वारा कार्यवाही भी की जा रही है। पुलिस भी लोगों पर निगरानी रखने के लिए काफी कुछ कर रही है। इस कड़ी में केरल पुलिस ने बुधवार को लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने से रोकने के लिए ड्रोन कैमरे का सहारा लिया। उन्होंने इस ड्रोन कैमरे को देखकर भाग रहे लोगों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है जो काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो की मजेदार बात यह है भाग रहे लोगों पर टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री की फेमस कमेंट्री का इस्तेमाल किया है।
इस वीडियो को केरल पुलिस ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से शेयर किया है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा है कि लॉकडाउन के दौरान ड्रोन से नजर रखी जा रही है। यह काफी मजेदार वीडियो है क्योंकि ड्रोन कैमरा देखते ही लोग इधर-उधर भाग रहे हैं। इस वीडियो में रवि शास्त्री ने कुछ फेमस शब्दों ‘ट्रेस ऑफ बुलेट’ को भी लिया गया है जो वो अक्सर इस्तेमाल करते हैं। जैसे ही रवि शास्त्री ने इस वीडियो को देखा, उन्होंने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी और इसे गजब बताया।
बता दें कि कोरोना वायरस के चलते दुनियाभर में 82 हजार से अधिक लोगों की जान चली गई है जबकि इस महामारी से संक्रमित होने वाले लोगों का आंकड़ा भी 14 लाख को पार कर गया है। जहां तक भारत की बात है तो यहां करीब 5 हजार लोग इस संक्रमण का शिकार हो चुके हैं वहीं कोरोना वायरस के चलते यहां लगभग 150 लोगों की जान जा चुकी है।

