नई दिल्ली:पाकिस्तान के केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) सहित देश विदेश की अधिकतम चार टी20 लीग में ही भाग ले सकते हैं। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी करने की नयी नीति घोषित की है। इस नई नीति के अनुसार एनओसी का आग्रह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संचालन विभाग और राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच-टीम प्रबंधन के जरिए किया जाएगा।
इस फैसले के बाद केंद्रीय अनुबंध वाले खिलाड़ियों को पीएसएल के अलावा तीन विदेशी लीगों के लिए ही आवेदन करने की अनुमति मिलेगी। पीसीबी ने इसके साथ ही एनओसी जारी करने या नामंजूर करने में अंतिम फैसला बोर्ड के मुख्य कार्यकारी का होगा।
बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पीएसएल-5 के बचे हुए मैच नवंबर में आयोजित करने की योजना बना रहा है, बशर्ते अगले कुछ महीनों में कोविड-19 महामारी से उत्पन्न हुए हालात सुधर जाएं। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान इसकी जानकारी दी थी।
इससे पहले पीएसएल को सेमीफाइनल मुकाबले शुरू होने से पहले निलंबित कर दिया गया था, क्योंकि पीसीबी ने खुलासा किया कि एक विदेशी खिलाड़ी में कोविड-19 के लक्षण दिखे हैं, लेकिन खान ने कहा कि बचे हुए मैच नवंबर में कराए जा सकते हैं।

