जयपुर:मध्य प्रदेश के कद्दावर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ग्रहण कर ली। जेपी नड्डा ने उन्हें पार्टी मुख्यालय में सदस्यता दिलाई। इसके बाद राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और ज्योतिरादित्य की बुआ वसुंधरा राजे ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब हम सभी एक टीम में हैं।
उन्होंने ट्वीट कर लिखा, ‘आज यदि राजमाता साहब हमारे बीच होतीं तो आपके इस निर्णय पर जरूर गर्व करतीं। ज्योतिरादित्य ने राजमाता जी द्वारा विरासत में मिले उच्च आदर्शों का अनुसरण करते हुए देशहित में यह फैसला लिया है, जिसका मैं व्यक्तिगत और राजनीतिक दोनों ही तौर पर स्वागत करती हूं।’
राजमाता विजय राजे सिंधिया, जो कि जनसंघ के संस्थापकों में से एक थीं, उनके पोते हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया। बीजेपी की नेता वसुंधरा राजे और योशधरा राजे दोनों ज्योतिरादित्य की बुआ हैं।
सिंधिया ने मंगलवार को कांग्रेस से इस्तीफा दिया और बुधवार को बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को जमकर कोसा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहनी की। सिंधिया 18 वर्षों तक कांग्रेस पार्टी में रहे। उन्हें केंद्र में मंत्री भी बनाया गया था।
सिंधिया के साथ-साथ कांग्रेस के 20 विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद मध्य प्रदेश की कमलनाथ सरकार अल्पमत में आ गई है। अब कांग्रेस के सामने एमपी में सरकार बनाने की चुनौती है।
बुआ वसुंधरा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया का BJP में स्वागत करते हुए कहा- अब एक टीम में हैं हम

