मेलबर्न:आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच मेजबान ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच खेला जाना है। मैच 8 मार्च (इंटरनेशनल विमेंस डे) को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर खेला जाना है। टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम के बैटर्स को भारतीय स्पिनरों के खिलाफ काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था, खासकर पूनम यादव को खेलने में मेजबान बैटर्स को काफी दिक्कत हुई थी। फाइनल मैच से पहले कप्तान मेग लैनिंग ने बताया कि उन्होंने भारतीय स्पिनरों के खिलाफ किस तरह की तैयार की है।
मैच से एक दिन पहले ऑस्ट्रेलियाई बैटर्स ने स्पिनरों से निपटने के लिए जमकर पसीना बहाया। पूनम ने टूर्नामेंट के पहले मैच में ऑस्ट्रेलियाई बैटिंग लाइन-अप को तहस-नहस कर दिया था और भारत को 17 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मेग लैनिंग ने अपनी टीम से अन्य चुनौतियों से भी सतर्क रहने को कहा है जिनमें बाएं हाथ की भारतीय स्पिनर भी शामिल हैं। लैनिंग ने कहा, ‘हमारी चिंता केवल पूनम को लेकर ही नहीं है। उनके पास राजेश्वरी गायकवाड़ जैसी बाएं हाथ की अच्छी स्पिनर हैं। उनके पास बहुत अच्छे गेंदबाज है और उनके पास ऐसी स्पिनर हैं जो मैच का पासा पलट सकती हैं।’
उन्होंने कहा, ‘हम प्रैक्टिस के दौरान धीमी गति की गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं। हम जितना संभव हो सके उतना तैयार रहना चाहते हैं ताकि मैदान पर परिस्थितियों से तालमेल बिठा सकें।’ भारतीय बैटिंग लाइन-अप में युवा शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के अलावा ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा भी हैं। लैनिंग ने कहा कि उनके गेंदबाजों को भारत की मजबूत बैटिंग लाइन-अप से पार पाने के लिए काफी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा, ‘निश्चित तौर पर स्मृति मंधाना भी वर्ल्ड क्लास बैटर हैं और दीप्ति शर्मा ने भी हमारे खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया है। हमें लगता है कि हमारे गेंदबाज अलग-अलग स्थितियों से सामंजस्य बिठा सकते हैं।’

