नई दिल्ली:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (7 मार्च) को उम्मीद जताई है कि भारतीय महिला टीम रविवार (8 मार्च) को जब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप के फाइनल के लिए मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) पर उतरेगी तो स्टेडियम नीले रंग (भारतीय टीम की जर्सी) से पटा रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मौरिसन के ट्वीट के जवाब में यह बात कही।
मौरिसन ने मोदी को टैग कर के ट्वीट किया, ”मोदी, मेलबर्न में कल महिला टी20 विश्वकप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया का भारत से मुकाबला होगा। एमसीजी में बड़ी संख्या में दर्शकों के बीच दो शानदार टीमें होगी। यह एक बड़ा मौका और शानदार मैच होने जा रहा है। हर तरफ ऑस्ट्रेलिया का जलवा होगा।”
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री को जवाब देते हुए मोदी ने ट्वीट किया, ”मौरिसन, टी20 विश्वकप के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें, इस से बड़ा कुछ नहीं हो सकता। भारतीय महिला टीम और ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को शुभकामनाएं, महिला दिवस की बधाई।” पीएम मोदी ने कहा, ”अच्छा खेलने वाली टीम जीते। नीले पहाड़ की तरह, एमसीजी भी कल नीले रंग से रंगा होगा।”
बता दें कि भारतीय महिला टीम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी-20 में शुरुआती रिकॉर्ड खराब था, लेकिन पिछले कई मैचों और इस विश्व कप के अपने पहले मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत से अपने पहले सभी सात टी-20 मुकाबले जीते थे जबकि भारत ने पिछले 12 में से छह मुकाबले और पिछले पांच में से तीन मुकाबले जीते हैं।

