नई दिल्ली:बीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने दुबई में तीन मार्च को होने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) की बैठक में भाग न लेने का फैसला किया है। उन्होंने यह फैसला कोराना वायरस के खतरे के चलते लिया है। इसके बाद यह बैठक स्थगित कर दी गई है। आगे यह बैठक कब होगी, इसका फैसला बाद में किया जाएगा।
बीसीसीआई सूत्र ने पीटीआई को इस बात की जानकारी दी। सौरव गांगुली को इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए रविवार शाम को दुबई रवाना होना था लेकिन विश्व में कोरोना के खतरे को देखते हुए उन्होंने यह यात्रा टाल दी। बीसीसीआई प्रमुख गांगुली के अलावा बीसीसीआई सचिव जय शाह को भी एसीसी की बैठक में भाग लेना था। गौरतलब है कि संयुक्त अरब अमीरात में कोराना वायरस के 730 केस सामने आए हैं जिसके बाद लोगों में इसको लेकर डर का माहौल है।
इससे पहले सौरव गांगुली ने बीते शुक्रवार को बताया था कि अगला एशिया कप दुबई में खेला जाएगा और इसमें भारत और पाकिस्तान दोनों टीमें भाग लेंगी। पहले यह टूर्नामेंट पाकिस्तान में होना था लेकिन भारत के पाकिस्तान में खेलने से मना करने पर इसे दुबई में शिफ्ट किया गया है।

