नई दिल्ली:दुनिया भर में नोवेल कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को देखते हुए सोमवार को अजलन शाह कप हॉकी टूर्नामेंट के 29वें सत्र को अप्रैल की जगह सितंबर में आयोजित कराने का फैसला किया गया।
आयोजकों की ओर से जारी बयान के अनुसार अजलन शाह कप का आयोजन मलेशिया के इपोह में 11 से 18 अप्रैल तक होना था, लेकिन अब यह टूर्नामेंट 24 सितंबर से तीन अक्टूबर तक होगा।
घातक कोरोना वायरस के कारण इससे पहले भी कई खेल प्रतियोगिताएं रद्द, स्थगित या स्थानांतिरत हो चुकी हैं। इस विषाणु के कारण अब तक दुनिया भर में 3000 से अधिक लोगों की जान गई है और 86000 से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं।
दुनियाभर में मरने वालों की संख्या 3,000 के पार पहुंची
कोरोना वायरस के कारण चीन में और 42 लोगों की मौत के साथ ही दुनियाभर में इस संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 3,000 के पार पहुंच गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने कहा कि सभी 42 लोगों की मौत हुबेई प्रांत में हुई है। आयोग ने यह भी कहा कि अब वायरस का प्रकोप कम हो रहा है और संक्रमण के नए मामले सामने आने की रफ्तार भी कम हुई है।

