मेलबर्न:भारतीय महिला टीम की स्पिनर राधा यादव नेश्रीलंका के खिलाफ आईसीसी टी20 विश्व कप में करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद इसका श्रेय गेंदबाजी कोच नरेंद्र हिरवानी को दिया। राधा ने 23 रन देकर चार विकेट लिए, जिससे भारत ने श्रीलंका को नौ विकेट पर 113 रन ही बनाने दिए। भारतीय टीम ने शैफाली वर्मा के 47 रन की पारी की मदद से महज 14.4 ओवर में तीन विकेट पर 116 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। राधा को इसी प्रदर्शन के दम पर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवार्ड मिला।
बाएं हाथ की इस स्पिनर ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन का श्रेय हिरवानी को दिया। उन्होंने कहा, ”नरेंद्र (हिरवानी) हमारे (टीम) साथ पिछले साल वेस्टइंडीज के दौरे के समय से हैं। उन्होंने निश्चित तौर पर मेरी गेंदबाजी पर काफी काम किया है।”
उन्होंने कहा, “मेरा दिमाग इधर-उधर कूदने लगता है और मैं ज्यादा सोचने लगती हूं। खासकर मेरे एक्शन और गेंदों के बारे में, लेकिन उन्होंने मुझे दिमाग को स्वतंत्र रखने में काफी मदद की है।” भारतीय टीम ने लीग के सभी मैच जीत कर सेमीफाइनल के लिए क्वॉलिफाई किया और राधा ने उम्मीद जताई की टीम आने वाले दिनों में वह और बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
उन्होंने कहा, ”हम इसके लिए कड़ी मेहनत कर रहे थे, इसलिए मैं काफी खुश हूं कि टीम ने लगातार चार मैचों में जीत दर्ज की। मैं अभी अच्छा महसूस कर रही हूं और सेमीफाइनल में और बेहतर प्रदर्शन करना चाहूंगी।”
मैच के बाद राधा ने कहा, “मैं जानती थी कि अगर मुझे मौका मिलेगा तो मैं टीम को जीत दिलाने में मदद कर सकती हूं। जब आप अपनी टीम के लिए अच्छा करते हो तो राहत महूसस होती है। मैंने पिछले दो सप्ताह कड़ी मेहनत की है और मैं इस बात से बेहद खुश हूं कि मेरी मेहनत रंग लाई।”
राधा यादव ने शानदार परफॉर्मेंस का क्रेडिड दिया गेंदबाजी कोच नरेंद्र हिरवानी को

