मेलबर्न:भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम मैनेजमेंट ने शैफाली वर्मा को अपना नैचुरल खेल खेलने की छूट दी है। इस युवा बल्लेबाज ने महिला टी20 विश्व कप में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। 16 साल की शैफाली ने अब तक टूर्नामेंट में 161 रन बनाए हैं और वह सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने चार मैचों में 18 चौके और नौ छक्के लगाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 161 है।
शैफाली ने श्रीलंका के खिलाफ शनिवार को 34 गेंदों पर 47 रन बनाकर भारत को सात विकेट से जीत दिलाई। हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, ”शैफाली को बड़े शॉट खेलना पसंद है और हम उसे रोकना नहीं चाहते। उसे आगे भी ऐसा खेल जारी रखना चाहिए।
भारत अपने सभी मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंचा है और कप्तान ने कहा कि विजय अभियान बरकरार रखना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, ”जब आप जीत दर्ज कर रहे हों तब लय बनाए रखना महत्वपूर्ण होता है। आप वास्तव में कड़ी मेहनत करते हैं इसलिए आप लय टूटने का जोखिम नहीं उठा सकते।
इस बीच श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू शैफाली को दो जीवनदान मिलने से खुश नहीं थी। अटापट्टू ने कहा, ”हमारा स्कोर पर्याप्त नहीं था। हमने दो मौके गंवाए विशेषकर शैफाली को जीवनदान दिए। उसे रोकना आसान नहीं था।”

