मुंबई:महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए केंद्रीय कैबिनेट द्वारा ट्रस्ट बनाने को मंजूरी देने के लिए बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी है। पीएम मोदी ने मंदिर बनाने के लिए ट्रस्ट के गठन की घोषणा लोकसभा में आज ही की थी।
सुप्रीम कोर्ट ने पिछले वर्ष नवंबर में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद मामले में ऐतिहासिक फैसला देते हुए ट्रस्ट के गठन का निर्देश दिया था। ठाकरे ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अयोध्या में राम मंदिर बनाने के लिए ऐतिहासिक निर्णय दिया था।
शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने ठाकरे को उद्धृत करते हुए ट्वीट किया, ‘सरकार के लिए निर्णय को लागू करना अनिवार्य था। अदालत के निर्णय को लागू करने के लिए कदम उठाने की खातिर मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देता हूं।’
राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेन्द्र फडणवीस ने भी केंद्र के निर्णय की प्रशंसा करते हुए इसे ऐतिहासिक करार दिया। निर्णय की प्रशंसा करते हुए मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने उम्मीद जताई कि मंदिर निर्माण की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने सरकार को निर्देश दिया था तीन महीने के अंदर ट्रस्ट का गठन करें और इसकी समय सीमा नौ फरवरी को समाप्त हो रही थी।
उद्धव ठाकरे ने राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट के गठन का किया स्वागत, PM मोदी को कहा धन्यवाद

