मुंबई:क्रिकेट कमेंटेटर से अपने करियर की शुरुआत करने वाली बतौर एक्ट्रेस मंदिरा बेदी ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया है कि वे जल्द ही एक बेटी को अडोप्ट करने वाली हैं। जिसकी कोशिश वे पिछले दो सालों से कर रही हैं। बताते चलें कि मंदिरा बेदी का एक आठ साल का बेटा है जिसका नाम वीर कौशल है।
फेमिना वेबसाइट के हवाले से उन्होंने एक नेशनल डेली को इंटरव्यू देते हुए कहा है कि ‘राज और मैं, वीर के लिए एक बहन की तलाश में हैं। मेरा बेटा आठ साल का है और हम एक ऐसी लड़की को गोद लेना चाहते हैं जिसकी उम्र ढाई से चार साल की हो। उसके लिए हमने नाम भी सोच लिया है। हम उसे तारा नाम से पुकारना चाहेंगे’।
उन्होंने बताया कि हम लोगों ने कारा (सेंट्रल अडोप्शन रिसोर्स अथॉरिटी) में बच्चा गोद लेने की प्रक्रिया के लिए अर्जी डाली हुई है। जिसके लिए वे काफी लंबा समय ले रहे हैं। दो साल से क्रिया आगे ही नहीं बढ़ पाई है। मैं इंतजार कर रही हूं कि हमें जल्द से जल्द अनुमति मिले। और हम अपने परिवार में एक सदस्य को जोड़ सकें।
आपको बता दें कि मंदिरा बेदी ने 1994 में ‘शांति’ से टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा था। उन्होंने दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे जैसी फिल्म में शाहरुख और काजोल के साथ काम किया है। एकता कपूर का जाना-माना सीरियल क्योंकि सास भी कभी बहू थी में भी मंदिरा ने अपनी जगह बनाई थी। हाल ही में मंदिरा को प्रभास और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘साहो’ में भी देखा गया था।

