‘उजड़ा चमन’ के जरिए फिल्म एक ऐसी समस्या की तरफ ध्यान इंगित करती है, जो वर्तमान में युवाओं की सबसे बड़ी तकलीफ बनती जा रही है और वे उसके लिए ना जाने क्या-क्या नुस्खे आजमाते रहते हैं। खैर, ‘उजड़ा चमन’ से ही आपको पता चल गया होगा कि विषय क्या है। फिल्म और भी बढ़िया बन सकती थी, फिर भी बुरी भी नहीं कह सकते।
कहानीः यह फिल्म 30 साल के एक अध्यापक चमन कोहली (सन्नी सिंह) की कहानी है। जिसके सर के आधे से अधिक बाल उड़ चुके हैं। इसकी वजह से शादी नहीं हो रही है। स्कूल में बच्चे अलग-अलग नामों से चिढ़ाते हैं। सर में बाल कम होने की वजह से लड़कियां व उनके परिवार वाले उसे रिजेक्ट कर देते हैं, जिसे लेकर वह काफी परेशान और हताश है। तमाम कोशिशों के बाद भी कोई लड़की घास नहीं डालती है और ना ही कोई रिश्तेवाले हां करते हैं। मां-बाप भी बड़े बेटे की शादी को लेकर परेशान हैं। वे पंडित के पास जाते हैं तो पंडित बताता है कि 31 साल पूरा करने से पहले शादी नहीं हुई तो कुंडली में दोष बैठ जाएगा। घर वाले और भी परेशान हो जाते हैं और जल्द से जल्द चमन की शादी कर देना चाहते हैं लेकिन अब कोई लड़की मिले तब ना? इस बीच वह डेटिंग साइट के जरिए एक लड़की अपसरा बतरा (मानवी गागरू) के साथ डेटिंग फिक्स करता है। अपसरा मिलने आती है लेकिन वह भी कम बाल देखकर मुंह बनाती है लेकिन उसके साथ भी प्रोब्लम है कि वह मोटी है। जिसकी वजह से उसका भी बॉयफ्रेंड से ब्रेकअप हो जाता है। इन्हीं समस्याओं के बीच के संघर्ष की कहानी कहती फिल्म आगे बढ़ती है। चमन की जिंदगी में क्या-क्या होता है? किस तरह बच्चे चिढ़ाते हैं, जब किसी लड़की को प्रपोज करने की कोशिश करता है तो वह कैसे रिएक्ट करती हैं, शादी के लिए लड़की देखने जाने पर कैसी-कैसी बातें होती हैं। और ऐसी समस्याओं का समाधान क्या है, यह सब जानने के लिए एक बार फिल्म देखें।
एक्टिंग/डायरेक्शनः एक्टिंग के मामले में सन्नी सिंह ठीक-ठाक रहे हैं, हालांकि प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। मानवी भी सामान्य रहीं। सौरभ शुक्ला पंडित की छोटी सी भूमिका में जो कर पाए किए। बाकी कलाकारों ने भी कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ा है। जिसका प्रमुख कारण शायद फिल्म का निर्देशन भी हो सकता है। अभिषेक पाठक का निर्देशन बिल्कुल भी प्रभावी नहीं रहा है, शायद इतना अच्छा विषय वस्तु होने के बावजूद भी फिल्म की कमजोर कड़ी निर्देशन ही रहा है। गीत संगीत सामान्य है।
फिल्म को सुरभि सलोनी की तरफ से 2.5 स्टार।
- दिनेश कुमार
dinesh@surabhisaloni.com

