कोलकाता:एएनआई की खबर के मुताबिक पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने ‘जय श्रीराम’ बोलने पर अपने ही एक साथी की पिटाई कर दी। घायल व्यक्ति ने आरोप लगाया कि ‘जय श्रीराम’ का नारा लगाने की वजह से उसके साथ टीएमसी कार्यकर्ताओं ने मार-पीट की। बशीरहाट में अपने ही पार्टी के कार्यकर्ता के हाथों पिटाई का शिकार हुए युवक की पहचान रंजीत मंडल के तौर पर हुई है। वहीं आरोपी टीएमसी कार्यकर्ता की पहचान तारक परोई के रूप में की गई है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार मंडल ने बताया कि वह पार्टी के साथी कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर रहा था और उसी दौरान उसने ‘जय श्रीराम’ का नारा लगा दिया। जिसके बाद आरोपी तारक ने गाली देते हुए उसकी पिटाई कर दी। पिटाई में घायल युवक को हॉस्पिटल पहुंचाया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी युवक पर केस दर्ज कर लिया गया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
तृणमूल कार्यकर्ता ने बोला ‘जय श्रीराम’ तो साथियों ने ही कर दी पिटाई

