नितेश तिवारी की भव्य फिल्म रामायण में भगवान इंद्र के किरदार में अपने शानदार अभिनय के लिए कुणाल कपूर को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है। फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित कर रही है। इसी बीच कुणाल ने अपने सोशल मीडिया पर भगवान इंद्र के रूप में अपनी कुछ बिहाइंड द सीन (BTS) तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ ही उन्होंने एक भावुक नोट लिखते हुए फिल्म निर्माताओं का आभार भी जताया कि उन्होंने उन्हें इस बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का मौका दिया।
कुणाल कपूर ने फिल्म के निर्माताओं नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन पर भरोसा जताया और उन्हें भगवान इंद्र जैसे अहम किरदार के लिए चुना। साथ ही उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का भी आभार जताया, जिन्होंने इस किरदार के लिए उनमें भगवान इंद्र की झलक देखी और उन्हें फिल्म से जोड़ा।
अपने हालिया पोस्ट में उन्होंने लिखा, “इस फिल्म को बनते हुए देखना मेरे लिए एक खास अनुभव रहा। इससे मुझे समझ आया कि जब लोग छोटे सपने देखने से इनकार करते हैं और अपने सपने को पूरा करने का पूरा विश्वास रखते हैं, तो वे उसे एक-एक ईंट और एक-एक फ्रेम के साथ कैसे हकीकत में बदलते हैं। इस पूरे सफर में ढेर सारा प्यार, जुनून और विश्वास शामिल है।”
उन्होंने फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू, तकनीशियनों, मेकअप आर्टिस्ट, कॉस्ट्यूम डिजाइनर्स और पर्दे के पीछे लगातार मेहनत करने वाले सभी लोगों का भी दिल से शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, “इतने बड़े स्तर पर कुछ बनाने के लिए बहुत मेहनत लगती है। हर छोटी से छोटी चीज मायने रखती है और फिल्म में सभी की मेहनत और लगन साफ नजर आती है।” वहीं, दर्शक भगवान इंद्र के रूप में कुणाल कपूर के अभिनय की लगातार तारीफ कर रहे हैं। उनके इस किरदार को मिल रहे प्यार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दर्शक अब भगवान इंद्र के किरदार पर एक अलग फिल्म यानी स्पिन-ऑफ बनाने की मांग कर रहे हैं, जिसमें कुणाल कपूर मुख्य भूमिका निभाएं। दिलचस्प बात यह है कि दर्शक इस फिल्म को बनाने के लिए क्राउडफंडिंग करने के लिए भी तैयार हैं। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रामायण फिलहाल सिनेमाघरों में चल रही है।
https://www.instagram.com/p/DfY7wzOCB92/?xtok=NnJza2l6a2F5NDhy&img_index=1
कुणाल कपूर ने साझा की ‘रामायण’ के सेट की झलक, बोले- ‘छोटे सपने न देखने वालों का जुनून देखकर बहुत कुछ सीखा

