-राजा हो या रंक सभी को भोगना पडता है कर्मों का फल – आचार्य श्री महाश्रमण
-महाश्रमण समवसरण, 1 सितंबर 2019 कुम्बलगोडु, बेंगलुरु (कर्नाटक): बेंगलुरु के कुंबलगोडू स्थित आचार्य तुलसी महाप्रज्ञ चेतना सेवा केंद्र में चतुर्मास प्रवास कर रहे। अहिंसा यात्रा प्रणेता आचार्य महाश्रमण जी की पावन सन्निधि में जैन धर्म के महान पर्व पर्यूषण सानंद गतिमान है। पर्यूषण के लिए देशभर से हजारों श्रद्धालु आचार्य की धर्माराधना कर रहे हैं। पर्यूषण का छठा दिन जप दिवस के रूप में मनाया गया। महातपस्वी आचार्य श्री महाश्रमण जी ने भगवान महावीर की अध्यात्म यात्रा वर्णन करते हुए बताया कि में उनको वसुदेव के भव का वासुदेव त्रिपृष्ठ ने राजा के रूप में जो अत्याचार किए उनको भोगने के लिए नर्क का बंधन किया। नर्क में उन कर्मों को भोगने के पश्चात 22 में भव में मनुष्य योनि में राजा प्रियमित्र एवं महारानी विमला के यहां राजकुमार विमल के रूप में जन्म लिया और महाराजा बनने के बाद साधु बन गए। अगले भव में भगवान महावीर की आत्मा पुनः मनुष्य के रूप में महाराजा धनंजय और उनकी पटरानी धारिणी के पुत्र प्रियमित्र के रूप में जन्म लिया। प्रियमित्र राजा बना और फिर चक्रवर्ती बनकर संपूर्ण साम्राज्य को छोड़कर मुनि दीक्षा स्वीकार की। इस प्रकार भगवान महावीर की आत्मा ने आगे बढ़ते हुए अगले भव में महाराज जितशत्रु एवं माता भद्रा के पुत्र नंदन के रूप में जन्म लिया। नंदन राजा बनने के बाद राज्य छोड़कर मुनित्व स्वीकारा। राजर्षि नंदन ने लगभग 1लाख वर्ष तक साधुत्व पाला और कठोर तपस्वी बने। इस भव में महर्षि नंदन ने मासखमण-मासखमण की कठोर तपस्या की और अपनी अर्हत् भक्ति से तीर्थंकर नाम कर्म का बंधन किया और 2 महीने के अनशन के साथ आयुष्य। भगवान महावीर की आत्मा 26 वें भव में देवलोक में अपना आयुष्य पूर्ण कर 27 वां भव वैशाली नगरी के पश्चिम भाग में ब्राह्मण कुंडग्राम में ऋषभदत्त की पत्नी देवानंदा के गर्भ में अवतरित हुई। देवानंदा ने 14 महास्वप्न देखे और भगवान महावीर की आत्मा उनकी कुक्षी में अवतरित हुई। देवराज इंद्र ने देखा कि तीर्थंकर की आत्मा देवानंदा के घर आ रही है और यह क्षत्रिय कुल में हो तो अच्छा है इसके लिए उन्होंने देवताओं को गर्भस्थ शिशु को देवानंदा के गर्भ से स्थानांतरित करने का आदेश दिया।
भौतिक नाश्ते से पूर्व करें आध्यात्मिक नाश्ता – आचार्य श्री महाश्रमण
आचार्य प्रवर ने जप दिवस के उपलक्ष में जनमेदिनी को मंगल पाथेय प्रदान करते हुए कहा कि नमस्कार मंत्र एक महामंत्र है और यह सब मंत्रों में श्रेष्ठ है। श्रावक समाज को प्रतिदिन नाश्ते से पूर्व एक माला फेरने के लिए आचार्याश्री ने उत्प्रेरित किया। आचार्य प्रवर ने फरमाया कि भौतिक नाश्ता करने से पहले नवकार मंत्र की माला के रूप में आध्यात्मिक नाश्ता करें। तत्पश्चात महाश्रमण समवसरण में सभी को जप करवाते हुए पूरे पंडाल को नमस्कार महामंत्र से गुंजायमान कर दिया। आचार्य प्रवर ने फरमाया कि अब 2 दिन पश्चात पर्वाधिराज संवत्सरी आ रही है और सभी को उस दिन उपवास व पौषध करने की प्रेरणा दी।
गुरुदेव के उधबोधन से पूर्व साध्वीप्रमुखाश्री कनकप्रभाजी ने श्रावक समाज को प्रेरित करते हुए कहा कि सभी धर्मों में जप को विशिष्ट महत्व दिया गया है और जैन धर्म में नवकार महामंत्र को मंत्राधिराज माना गया है। तीन शक्तियों को वर्णित करते हुए उन्होने कहा कि आत्मशक्ति, इष्टशक्ति और मंत्रशक्ति होती है आत्मशक्ति को पुष्ट करने के लिए इष्ट शक्ति और मंत्र शक्ति महत्वपूर्ण होती हैं। जप को योग माना गया है और जप से मन की शुद्धि होकर आत्मदर्शन हो सकता है और कहा कि मंत्रों का प्रभाव इतना होता है कि उन्हें शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता है। व्यक्ति अपने अंदर की शक्ति को जगाने के लिए मंत्रों का उपयोग करता है जिससे तेजस शरीर जागृत होता है। उच्चारण शुद्ध और ध्वनि में कंपन हो तो मंत्रों से शक्ति उत्पन्न होती है। जयाचार्य के गीत का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके गीत मंत्रों से कम नहीं थे। वक्तव्य के क्रम में मुख्यमुनिश्री महावीरकुमारजी ने तप के बारह प्रकारों का वर्णन करते हुए सभी को तप करने की प्रेरणा दी। साध्वीवर्या श्री सम्बुद्धयशा जी ने आचार्य तुलसी द्वारा रचित गीत का संगान किया। साध्वी मधुस्मिताजी आदि साध्वियों ने “नमो अरहंताणं मीठी जप ध्वनिया” गीत का संगान किया एवं साध्वी मंजूरेखाजी ने वक्तव्य दिया। मुख्य प्रवचन कार्यक्रम से पूर्व मुनि रजनीश कुमार जी एवं मुनि मृदु कुमार जी ने आगम पाठ का वाचन किया। प्रवचन के दौरान अनेकों लोगों ने 8 से अधिक तपस्या का परम पूज्य गुरुदेव से प्रत्याख्यान किया एवं आशीर्वाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन मुनिश्री दिनेशकुमारजी ने किया।

