मथुरा:एक लाख रुपये न देने पर पति ने सड़क पर ही तीन बार तलाक-तलाक-तलाक बोलकर तलाक दे दिया। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर गुरुवार को मुस्लिम वीमेन (प्रोटेक्शन ऑफ राइट्स मैरिज) एक्ट 2019, u/s 323/504 IPC, 3/4 दहेज प्रतिषेद अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार कोसीकलां में पेट्रोल पंप के पीछे कृष्णा नगर निवासी जुमीरत का निकाह नुंह मेवात के पिनगांव के अंतर्गत गांव चोरका निवासी बहाव के पुत्र इकराम से हुआ था। दोनों के मध्य विवाद होने पर मामला महिला थाने में चल रहा है। महिला थाने ने दोनों को मध्यस्थता के लिए बुधवार को बुलाया था। बुधवार को इस मामले की महिला थाने पर तारीख थी। पीड़िता की मां फाता पत्नी स्वर्गीय सिकंदर का कहना है कि बुधवार को थाने पर तारीख के लिए दोनों पक्ष आरहे थे। थाना आने से पहले इकराम जुमीरत से बोला कि एक लाख रुपये देने पर ही वह उसे घर में रखेगा। इस पर फाता ने इकराम से कहा कि तू अन्याय कर रहा है। इस पर इकराम ने सड़क पर ही जुमीरत से तीन बार तलाक बोल दिया। यह सुनकर मां-बेटी दंग रह गईं।
इस मामले में फाता ने एसएसपी से गुरुवार को मिलकर शिकायत की। शिकायत में फाता ने कहा कि कल बेटी जुमीरत को उसके पति द्वारा सड़क पर ही तीन बार तलाक बोल दिया गया और गालियां देते हुए मारपीट की। वहां लोगों ने उन्हें बचाया। इसके बाद जब वह थाने पर शिकायत करने पहुंचीं तो थाने पर रिपोर्ट नहीं और उन्हें फटकार कर भगा दिया। एसएसपी ने इस मामले में तुरंत रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश किये। गुरुवार को घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

