चेस्टर ली स्ट्रीट:वर्ल्ड कप के 39वें मैच में सोमवार को रिवरसाइड ग्राउंड पर श्रीलंका ने वेस्टइंडीज को 23 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ उसने विंडीज को वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार चौथी बार हराया। श्रीलंका को पिछली हार 1992 में मिली थी। तब वेस्टइंडीज 91 रन से जीता था। श्रीलंका ने इस जीत के साथ ही टूर्नामेंट में तीसरी जीत दर्ज की। उसके 8 मैच में 8 अंक हो गए। इस जीत के साथ ही वह अंक तालिका में बांग्लादेश को पीछे छोड़ छठे स्थान पर पहुंच गया। श्रीलंका का अगला मुकाबला 6 जुलाई को भारत से होगा।
श्रीलंका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 338 रन बनाए। उसके लिए अविष्का फर्नांडो ने 104 रन की पारी खेली। यह उनके वनडे करियर का पहला शतक है। वे इस वर्ल्ड कप में शतक लगाने वाले टीम के पहले बल्लेबाज बने। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 315 रन ही बना सकी। उसके लिए निकोलस पूरन ने 118 रन बनाए। यह उनके करियर का पहला शतक है। श्रीलंका के लिए लसिथ मलिंगा ने 3 विकेट लिए।
मलिंगा ने वेस्टइंडीज को शुरुआती झटके दिए
लसिथ मलिंगा ने वेस्टइंडीज को दो शुरुआती झटके दिए। सुनील अंबरिस 5 रन बनाकर मलिंगा की गेंद पर कुसल परेरा को कैच थमा बैठे। शाई होप भी 5 रन बनाकर मलिंगा की गेंद पर बोल्ड हो गए। शिमरॉन हेटमायर 29 रन बनाकर रनआउट हो गए। उन्होंने अपने आखिरी ओवर में ओशाने थॉमस को भी आउट किया।
अविष्का ने तीन बल्लेबाजों के साथ 50+ रन की साझेदारी की
एंजेलो मैथ्यूज 26 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें जेसन होल्डर ने बोल्ड किया। मैथ्यूज ने अविष्का के साथ 58 रन की साझेदारी की। अविष्का ने इसके बाद थिरिमाने के साथ 67 रन की साझेदारी की। कुसल मेंडिस 39 रन बनाकर फैबियन एलेन की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने अविष्का के साथ 85 रन की साझेदारी की। थिरिमाने 45 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 33 गेंद की पारी में 4 चौके लगाए।
कुसल परेरा का टूर्नामेंट में तीसरा अर्धशतक
कुसल परेरा 63 रन बनाकर रनआउट हो गए। उन्होंने इस वर्ल्ड कप में अपना तीसरा अर्धशतक लगाया। कप्तान दिमुथ करुणारत्ने 32 रन बनाकर जेसन होल्डर की गेंद पर आउट हुए। दिमुथ ने परेरा के साथ पहले विकेट के लिए 93 रन की साझेदारी की।
श्रीलंका की वेस्टइंडीज पर टूर्नामेंट के इतिहास में लगातार चौथी जीत, 23 रन से हराया

