श्रीनगर: भारत सरकार का कहना है कि रेलवे के जरिए कश्मीर घाटी को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने का काम 2023 तक पूरा हो जाएगा। यह प्रोजेक्ट कश्मीर घाटी के विकास की आधारशिला है। सरकार के मुताबिक, 40 हजार करोड़ रु. की लागत के इस प्रोजेक्ट से सभी मौसमों में रेलवे की कनेक्टिविटी हो जाएगी।
6 किमी लंबी कटरा-बनिहाल टनल तैयार
रेलवे के एक वरिष्ठ अफसर ने बताया कि प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद कश्मीर घाटी के बाकी हिस्सों से जुड़ जाएगा। इसके जरिए नई दिल्ली से श्रीनगर 14 घंटे में पहुंच सकेंगे।
अफसर ने रविवार को बताया, प्रोजेक्ट के तहत अहम और दूसरी सबसे बड़ी 6 किमी लंबी कटरा-बनिहाल टनल तैयार हो चुकी है। इसका निर्माण चार साल में हुआ है और इसकी लागत 550 करोड़ रुपए हैं।
प्रोजेक्ट में 27 ब्रिज हैं, जिसमें विश्व का सबसे लंबा रेल ब्रिज शामिल है। इसके अलावा 37 टनल हैं, जिनमें एशिया की सबसे लंबी 12 किमी की टनल भी शामिल है। 111 किमी लंबे कटरा-बनिहाल रेल रूट पर 95 किमी में टनल और ब्रिज हैं। उन्होंने कहा कि यह अगले चार साल में शुरू हो जाएगी।

