कोलकाता: प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को लेफ्ट और कांग्रेस से भाजपा के खिलाफ साथ आने की अपील की। ममता ने भाटपाड़ा में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए बंगाल विधानसभा में कहा कि राज्य के लोग देख रहे हैं कि भाजपा को वोट देकर क्या हो रहा है। हमें भाजपा के खिलाफ साथ आकर लड़ाई लड़नी होगी।
उन्होंने कहा कि इसका ये मतलब नहीं कि हमें हाथ मिला लेना चाहिए, लेकिन राष्ट्रीय मुद्दों पर हम एक साथ आ सकते हैं।
दंगे भड़काने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी- ममता
भाजपा की आलोचना करते हुए बनर्जी ने कहा कि पार्टी राज्य में बाहरी संस्कृति लाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग गलत खबरें फैला रहे हैं और दंगे भड़काने की कोशिश कर रहे हैं, प्रशासन उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।
भाटपाड़ा में हिंसा में 2 लोगों की मौत हो गई थी
तृणमूल का गढ़ रहे भाटपाड़ा में लोकसभा चुनाव के बाद से भाजपा और ममता की पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें सामने आई हैं। यहां गुरुवार को राजनीतिक हिंसा में दो लोगों की मौत हो गई थी। तृणमूल का प्रतिनिधित्व मंडल 28 जून को यहां स्थिति का जायजा लेने जाएगा। इससे पहले हिंसा को लेकर भाजपा की तीन सदस्यीय कमेटी ने अमित शाह को रिपोर्ट भी पेश की थी।
संसदीय दल ने भाटपाड़ा बैरकपुर ससदीय सीट के अंतर्गत आता है। यहां से अर्जुन सिंह सांसद हैं, जो चुनाव से पहले ही तृणमूल से भाजपा में शामिल हुए। 42 लोकसभा सीटों वाले बंगाल में भाजपा ने 18, तृणमूल ने 22 और कांग्रेस ने 2 सीटों पर जीत हासिल की।

