नॉटिंघम:वेस्टइंडीज ने वनडे वर्ल्ड कप के दूसरे मैच में शुक्रवार को पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया। वेस्टइंडीज ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की टीम 21.4 ओवर में 105 रन पर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज ने 13.4 ओवर में 3 विकेट पर 108 रन बनाकर मैच जीत लिया। पाकिस्तान का वर्ल्ड कप में यह दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले वह 1 मार्च 1992 को एडिलेड में इंग्लैंड के खिलाफ 40.2 ओवर में 74 रन पर ऑलआउट हो गई थी।
वेस्टइंडीज की ओर से आउट होने वाले बल्लेबाज क्रिस गेल, शाई होप और डॉरेन ब्रावो रहे। मोहम्मद आमिर की गेंद को सीमा-रेखा के बाहर भेजने की कोशिश में होप मिड-ऑफ पर मोहम्मद हफीज के हाथों कैच आउट हुए। उन्होंने 17 गेंद पर 11 रन बनाए। उनकी जगह आए ब्रावो खाता भी नहीं खोल पाए। मोहम्मद आमिर ने उन्हें भी पवेलियन की राह दिखाई। उनका कैच बाबर आजम ने पकड़ा।
इंग्लैंड में वर्ल्ड कप के मैच में पाकिस्तान का न्यूनतम स्कोर
वर्ल्ड कप के 44 साल के इतिहास में यह पहली बार है जब पाकिस्तान की पूरी टीम 22 ओवर के अंदर पवेलियन लौटी। इससे पहले वर्ल्ड कप में उसकी टीम 22 फरवरी 2003 को केपटाउन में इंग्लैंड के खिलाफ 31 ओवर में 134 रन पर ऑलआउट हो गई थी। यह इंग्लैंड में वर्ल्ड कप में भी पाकिस्तान का न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले उसका वर्ल्ड कप में इंग्लैंड में न्यूनतम स्कोर 151 रन था। 16 जून 1979 को लीड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ मैच में पाकिस्तान 56 ओवर में ऑलआउट हो गई थी।

