नई दिल्ली:लोकसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी सिलसिले में पीएम मोदी ने आज पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने पीएम मोदी को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और चुनाव में मिली जीत पर बधाई दी।
इससे पहले 24 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी से मुलाकात कर उनसे आशीर्वाद लिया था। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद थे।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की, फिर इसके बाद मुरली मनोहर जोशी के घर गए। प्रधानमंत्री ने इस चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का श्रेय आडवाणी को दिया। प्रधानमंत्री ने वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी की भी तारीफ की। पीएम मोदी ने कहा कि डॉ. मुरली मनोहर जोशी बेहद विद्वान हैं। उन्होंने सदैव पार्टी की मजबूती के लिए काम किया। मेरे जैसे कई कार्यकर्ताओं को इनका मार्गदर्शन मिला है।

