लखनऊ:लोकसभा चुनाव में एक बार फिर करारी हार के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने इस्तीफे की पेशकश की है। उन्होंने प्रदेश में खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए चुनावी नतीजों को निराशाजनक बताया है।
मौजूदा लोकसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस महज एक सीट रायबरेली जीत सकी है। कांग्रेस अपने परम्परागत गढ़ अमेठी तक को नहीं बचा सकी। पार्टी के सभी दिग्गज नेताओं जितिन प्रसाद, आरपीएन सिंह, अन्नू टण्डन, श्रीप्रकाश जायसवाल, सलमान खुर्शीद को हार का मुंह देखना पड़ा। खुद प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर को फतेहपुर सीकरी से हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के राजकुमार चाहर ने राजबब्बर को तीन लाख से ज्यादा वोटों से चुनाव हराया। पार्टी ने पहले राजबब्बर को मुरादाबाद से प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने वहां से चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। जिसके बाद उन्हें फतेहपुर सीकरी से मैदान में उतारा गया।
राज बब्बर ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा है कि ‘जनता का विश्वास हासिल करने के लिए विजेताओं को बधाई। यूपी कांग्रेस के लिए परिणाम निराशाजनक हैं। अपनी जिम्मेदारी को सफल तरीके से नहीं निभा पाने के लिए खुद को दोषी पाता हूं। नेतृत्व से मिलकर अपनी बात रखूंगा।’ श्री बब्बर के नजदीकी नेताओं ने कहा कि राजबब्बर ने प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भेज दिया है।