बिश्केक: भारतीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने अपने चीनी समकक्ष जनरल वेई फेंगहे के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। वह अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर कल यहां पहुंची थीं।
बता दें कि शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में एससीओ सदस्य देशों के रक्षा मंत्री क्षेत्र में उभरती सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर आपसी रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, सीतारमण मंगलवार को भारत लौटेंगी। एससीओ की स्थापना 2001 में शंघाई में एक शिखर सम्मेलन के दौरान रूस, चीन, किर्गिस्तान गणराज्य, कजाखस्तान, उज्बेकिस्तान और ताजिकिस्तान के राष्ट्रपतियों द्वारा की गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय रक्षा मंत्री बैठक के दौरान आतंकवाद तथा उग्रवाद से निपटने में इस प्रभावशाली समूह के समन्वित प्रयासों पर भी जोर दे सकती हैं। भारत, शंघाई सहयोग संगठन और उसके क्षेत्रीय आतंकवादरोधी तंत्र ‘रैट्स’ (Regional Anti-Terrorism Structure, RATS) के साथ अपना सुरक्षा सहयोग और मजबूत करने को लेकर उत्सुक है।
शंघाई सहयोग संगठन की बैठक में शामिल हुईं रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण

