मुंबई:मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ आईपीएल मैच के दौरान आउट होने के बाद निराशा में विकेट पर बल्ला मारने के लिए मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना किया गया है। रोहित को ईडन गार्डन्स पर रविवार की रात खेले गए मैच में जब पगबाधा आउट (LBW) दिया गया तो उन्होंने निराशा में बल्ला नॉनस्ट्राइकर छोर पर विकेटों में पर मारा। इस तरह से उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग की आचार संहिता का उल्लंघन किया।
मुंबई इंडियंस ने यह मैच 34 रन से गंवाया था। कोलकाता नाइटराइडर्स ने इस जीत से लगातार छह मैच हारने का क्रम तोड़ा था। रोहित ने आईपीएल आचार संहिता के लेवल एक के दोष 2.2 को स्वीकार किया है। आईपीएल की विज्ञप्ति के अनुसार, ”रोहित शर्मा ने आईपीएल आचार संहिता के लेवल एक दोष 2.2 को स्वीकार लिया है और उन्हें जुर्माना मंजूर है।”
बता दें कि मुंबई इंडियंस 233 रनों का पीछा कर रही थी ताकि प्लेऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित कर सके। रोहित शर्मा अच्छे टच में दिखाई पड़ रहे थे. लेकिन हैरी गुर्ने की एक गेंद पर रोहित ने चकमा खाया और गेंद उनके पिछले पैर पर लगी। अंपायर ने उन्हें आउट दे दिया। रोहित ने रिव्यू लिया तो उसमें भी अंपायर्स कॉल आया और वह आउट करार दिए गए। इससे पहले भी रोहित शर्मा पर स्लो ओवर रेट के लिए 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था।
रसेल के ऑलराउंड खेल से केकेआर ने मुंबई इंडियंस को हराया
आंद्रे रसेल की अगुआई में बल्लेबाजों के कमाल के बाद गेंदबाजों के धमाल से कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 34 रन से हराकर लगातार छह हार के क्रम को तोड़ते हुए प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदों को जीवंत रखा। केकेआर की टी-20 क्रिकेट में यह 100वीं जीत भी है। टीम ने आईपीएल में अब तक 91 जबकि चैंपियंस लीग टी-20 में नौ जीत दर्ज की हैं।
केकेआर ने सलामी बल्लेबाजों शुभमन गिल (76) और क्रिस लिन (54) के अर्धशतकों के बाद रसेल (40 गेंद में नाबाद 80, आठ छक्के, छह चौके) की तेजतर्रार पारी से दो विकेट पर 232 रन बनाए जो मौजूदा सत्र का सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने 31 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ दो विकेट पर 231 रन बनाए थे। मुंबई इंडियंस की टीम हार्दिक पांड्या (34 गेंद में 91 रन, छह चौके, नौ छक्के) की ताबड़तोड़ पारी के बावजूद सात विकेट पर 198 रन ही बना सकी। हार्दिक के अलावा टीम का कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया और उनके बाद शीर्ष स्कोरर सूर्यकुमार यादव रहे जिन्होंने 26 रन बनाए।
स्टंप्स पर बैट मारना रोहित शर्मा को पड़ा महंगा

