नई दिल्ली:अगले महीने से देश पूरी तरह चुनावी फीवर में डूब जानेवाला है। इसी बीच खबर है कि उसी दौरान इसरो अपने दूसरे चंद्रयान मिशन को लॉन्च करने की तैयारियों में जुटा हुआ है। इसे अगले महीने तक अंजाम दिया जा सकता है। इसके लॉन्च की तारीख दो बार टलने के बाद माना जा रहा है कि अगले महीने इस मिशन को हकीकत में बदल दिया जाएगा।
बता दें कि चंद्रयान-2 के कुछ टेस्ट पूरे न हो पाने के कारण इसको लॉन्च नहीं किया जा सका था। भारत के पहले चंद्रयान के साथ रोवर और लैंडर नहीं थे। इस बार इनको भी मिशन का हिस्सा बनाया गया है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और अप्रैल से ही पहले चरण के मतदान होने हैं।
इसरो ने चंद्रयान-2 को पहले 2017 में और फिर 2018 में लॉन्च करने का ऐलान किया था, लेकिन यह मुमकिन नहीं हो पाया। इसरो के चेयरमैन डॉ. के. सिवन ने हाल में कहा था कि इसरो अब इसे अप्रैल में लॉन्च करने का हर संभव प्रयास करेगा। अगर ऐसा नहीं हो पाया तो इसे जून में लॉन्च किया जाएगा। लगातार इसके जरूरी परीक्षण किए जा रहे हैं।
चंद्रयान 2: इसरो की तैयारियां जोरों पर

