लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बी.एस.पी.) की प्रमुख मायावती ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़े केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है, लेकिन साथ ही इसमें अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई है।
सोशल मीडिया X पर जारी अपने बयान में मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान के उद्देश्यों के प्रति निष्ठावान रहते हुए बी.एस.पी. शुरू से ही महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीति में उचित अवसर की पक्षधर रही है। उन्होंने कहा कि यदि 33 प्रतिशत आरक्षण के भीतर ही एससी व एसटी समाज की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की व्यवस्था की जाती, तो यह ऐतिहासिक कदम होता। मायावती के अनुसार, इससे जातिवाद, धन और बाहुबल से प्रभावित चुनावी राजनीति में इन वर्गों की महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता। उन्होंने केंद्र सरकार से इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया।
सीट वृद्धि और परिसीमन पर जताई चिंता
मायावती ने अपने बयान में लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि से जुड़े तीन विधेयकों और उससे संबंधित परिसीमन प्रक्रिया पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि परिसीमन के दौरान सीटों की सीमा तय करने में राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ साधने के आरोप नई बात नहीं हैं। उनके मुताबिक, जो भी दल केंद्र की सत्ता में रहता है, वह अक्सर जनहित के बजाय पार्टी हित को प्राथमिकता देता है।
मतदाताओं से की अपील
बयान के अंत में मायावती ने सर्वसमाज के लोगों से अपील की कि वे धर्म, जाति, क्षेत्रीयता या लुभावने वादों व घोषणाओं के प्रभाव में आए बिना अच्छी सरकार के लिए सही उम्मीदवारों को चुनने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से ही देश के लोकतंत्र और संविधान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी, जिसके लिए बी.एस.पी. तत्पर है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने महिला आरक्षण में SC-ST महिलाओं के लिए की अलग कोटे की मांग, परिसीमन और सीट वृद्धि पर भी उठाए सवाल

