नवी मुंबई। भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में 1 से 25 दिसंबर 2026 तक ‘सेवा दूत अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान की तैयारियों के सिलसिले में पनवेल में आयोजित ठाणे-कोंकण विभागीय कार्यशाला में भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने शिरकत की और उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, कार्यप्रणाली, सूक्ष्म नियोजन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर रविंद्र चव्हाण ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक पहुंचना, उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझना तथा उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना है। साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि अभियान को सफल बनाने के लिए वे आपसी तालमेल और समन्वय के साथ काम करें तथा इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करें।
इस विभागीय कार्यशाला में प्रदेश महासचिव एवं विधायक माधवीताई नाईक, सांसद डॉ. हेमंत सवरा, सांसद धैर्यशील पाटील, विधायक प्रशांत ठाकुर, विधायक प्रमोद जठार, विधायक विक्रांत पाटील और भाजपा उत्तर रायगड के जिलाध्यक्ष अविनाश कोळी सहित ठाणे एवं कोंकण विभाग के प्रमुख पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भाजपा महाराष्ट्र में 1 से 25 दिसंबर चलाएगी ‘सेवा दूत अभियान’
Highlights
- प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने कार्यकर्ताओं से की तैयारी में जुटने की अपील

