नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) और महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष की संयुक्त रणनीति तय करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दिल्ली स्थित आवास पर INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडरों की बैठक हुई है। बैठक के बाद गठबंधन की ओर से जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की तैयारी है।
मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, प्रमोद तिवारी, गौरव गोगोई और पवन खेड़ा सहित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अभिषेक बनर्जी, राजद के मनोज झा व अभय कुमार सिंह, सीपीआई के पी. संदोष कुमार, आईयूएमएल के ई.टी. मोहम्मद बशीर और निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल शामिल हुए।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में गठबंधन ने मांग रखी है कि लोकसभा की मौजूदा संख्या को यथावत रखा जाए, वर्तमान सदन की संख्या के आधार पर महिला आरक्षण लागू किया जाए और राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का आवंटन अगले 25 वर्षों तक अपरिवर्तित रहे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के कदम का कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने परिसीमन कवायद पर सवाल उठाते हुए इसे ‘गैर-लोकतांत्रिक’ और पिछड़ों, दलितों व अल्पसंख्यकों के हितों के खिलाफ बताया।
इस बैठक के बीच विपक्ष के भीतर और बाहर सियासी हलचल तेज रही। आमंत्रण के बावजूद डीएमके (DMK), आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजू जनता दल (BJD) सहित गठबंधन से बाहर के दल इस बैठक में शामिल नहीं हुए। वहीं, एनसीपी (शरदचंद्र पवार) भी बैठक से दूर रही। दूसरी ओर, चेन्नई में एम.के. स्टालिन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद डीएमके ने संशोधित परिसीमन विधेयक को समर्थन देने का प्रस्ताव पारित कर दिया है।
संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, जिसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तेज कर दी है।
परिसीमन विधेयक पर रणनीति बनाने के लिए खड़गे के आवास पर INDIA गठबंधन की बैठक, जल्द होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस

