बेंगलुरु। राष्ट्रसंत परम नम्रमुनि गुरुदेव की प्रेरणा से संचालित लुक एन लर्न जैन ज्ञानधाम (बेंगलुरु केंद्र) द्वारा विद्यार्थियों के लिए श्री पार्श्व सुशील धाम की एक दिवसीय आध्यात्मिक एवं ज्ञानवर्धक पिकनिक का आयोजन किया गया।
लुक एन लर्न जैन ज्ञानधाम आधुनिक दृश्य-श्रव्य माध्यमों के जरिए युवा पीढ़ी में जैन संस्कारों, धार्मिक मूल्यों एवं नैतिक शिक्षाओं का संचार करने के उद्देश्य से निरंतर कार्यरत है। इसी क्रम में आयोजित इस यात्रा में विद्यार्थियों ने आध्यात्मिक वातावरण के बीच ज्ञान, आनंद और संस्कारों का अनूठा अनुभव प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विनयमुनि महाराज साहेब के मंगल आशीर्वाद एवं ज्ञानवर्धक प्रवचन से हुआ। उनके प्रेरणादायी मार्गदर्शन से बच्चों को आध्यात्मिक जीवन और जैन संस्कारों के महत्व को समझने का अवसर मिला।
दिनभर आयोजित संस्कारों पर आधारित विभिन्न धार्मिक एवं मनोरंजक खेलों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में आपसी सहयोग, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता की भावना को प्रोत्साहन मिला। यात्रा के अंत में गौशाला के दर्शन कर बच्चों ने जीवदया, करुणा और प्राणी मात्र के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी आत्मसात किया।
आध्यात्मिकता, ज्ञान और मनोरंजन के सुंदर संगम से सजी यह यात्रा विद्यार्थियों के लिए यादगार रही। इस आयोजन ने बच्चों को आनंद के साथ जैन धर्म के संस्कारों और जीवन मूल्यों को समझने का एक सार्थक अवसर प्रदान किया।
लुक एन लर्न जैन ज्ञानधाम के विद्यार्थियों ने की श्री पार्श्व सुशील धाम की आध्यात्मिक पिकनिक
Highlights
- धार्मिक खेलों, संतों के सान्निध्य और गौशाला दर्शन से बच्चों ने सीखे जैन संस्कार एवं करुणा के मूल्य

