कांदिवली। युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी की विदुषी शिष्या शासन श्री साध्वी श्री विद्यावतीजी ‘द्वितीय’ ठाणा 5 के सानिध्य में प्रेक्षाध्यान दिवस के अवसर पर प्रेक्षाध्यान कार्यशाला आयोजित की गई। नमस्कार महामंत्र के उच्चारण से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। साध्वी श्री विद्यावतीजी ने कहा-तेरापंथ धर्मसंघ के नवमें आचार्य गुरुदेव तुलसी की प्रेरणा से आचार्य महाप्रज्ञजी ने जैन आगमों में यत्र तत्र उपलब्ध ध्यान पद्धतियों का तुलनात्मक अध्ययन कर एक परिष्कृत वैज्ञानिक विधि का आविष्कार किया। उस पद्धति का नाम रखा गया प्रेक्षाध्यान । प्रेक्षा का अर्थ है विशेष रूप से देखना। आत्मा से आत्मा को देखना । ध्यान का ध्येय है चित्त की निर्मलता और आनंद के प्रकंपनों का अनुभव करना। ध्यान से शारीरिक थकान और मानसिक तनाब दोनों से छुटकारा मिलता है ।
साध्वी प्रियवंदा जी ने कहा- प्रेक्षाध्यान दिवस मनाने का उद्देश्य है जीवन एवं स्वभाव का रूपांतरण। प्रवृत्ति से निवृत्ति की दिशा में प्रस्थान करके आग्रह मुक्त बनना एवं सकारात्मक चिंतन की दिशा में प्रगति करना । प्रेक्षाध्यान के अनेक अंग हैं जिनमें योगासन, कार्योत्सर्ग अनुप्रेक्षा, श्वास प्रेक्षा तो ऊर्ध्वारोहण में सहायक बनते हैं। यह प्रेक्षाध्यान पद्धति किसी वर्ण, जाति या संप्रदाय से आबद्ध नहीं है यह संप्रदायातीत पद्धति है । प्रेक्षाध्यान का जितना अभ्यास होगा उतना आत्मिक विकास एवं भावनात्मक विकास होगा।
पारसमलजी दुगड ने ध्यान की संक्षिप्त जानकारी देते हुए समताल श्वांस प्रेक्षा का प्रयोग करवाया जीवनोपयोगी कई महत्त्वपूर्ण सूत्र भी बताये। ध्यान का नियमित अभ्यास करने वाला जीवन को उज्ज्वल एवं निर्मल बना सकता है। शांतिलालजी कोठारी ने प्रेक्षाध्यान को एक अनिवार्य अंग बताया तथा मैत्री, सहिष्णुता, निर्भयता के सौपान पर आरोहण करने के लिए ध्यान को सशक्त आलंबन बताया। साथ ही साथ व्यवहारिक प्रयोग भी करवाया ।विमलाजी दुगड ने नमस्कार महामंत्र का रंग एवं चैतन्य केंद्रों के साथ ध्यान का प्रयोग करवाया ‘साध्वी प्रेरणाश्रीजी ने प्रेक्षा गीत के द्वारा मंगलाचरण किया। कार्यक्रम का संचालन साध्वी प्रियंवदाजी ने किया।
आंतरिक रूपांतरण की प्रक्रिया का नाम है प्रेक्षाध्यान- साध्वी विद्यावती

