ए.आर. रहमान दिग्गज गायिका आशा भोसले की अमर विरासत को सम्मान देने के लिए नई पीढ़ी की आवाज़ों और प्रतिभाओं को एक साथ ला रहे हैं। इस खास श्रद्धांजलि का हिस्सा बनने वालों में जाह्नवी कपूर भी शामिल हैं, जिनकी मौजूदगी ने इस संगीतमय आयोजन में एक गर्मजोशी भरा और समकालीन रंग जोड़ दिया।
गौरतलब है कि ऑस्कर विजेता संगीतकार ए. आर. रहमान ने हाल ही में आशा भोसले के लिए एक खास श्रद्धांजलि गीत की घोषणा की थी, जिसे उन्होंने महान गायिका के निधन से पहले उनके साथ रिकॉर्ड किया था। यह गीत आज उनकी जयंती के अवसर पर रिलीज़ किया जाएगा, जो भारतीय संगीत में उनके असाधारण योगदान को समर्पित एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि होगी।
इस श्रद्धांजलि में मनोरंजन जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल हुईं। यह एक वर्चुअल सेलिब्रेशन था, जिसमें उस स्टार-स्टडेड आयोजन के कुछ अंशों को दोबारा जीवंत किया गया, जिसकी कल्पना रहमान ने आशा भोसले के जीवनकाल में की थी।
इस खास प्रोजेक्ट को संभव बनाने में सहयोग देने वालों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए रहमान ने X (एक्स) पर खास तौर पर जाह्नवी कपूर को इस श्रद्धांजलि का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, “एक नई पीढ़ी उस आवाज़ का जश्न मनाने के लिए एक साथ आ रही है, जो हर पीढ़ी की अपनी रही है। आशा भोसले जी को समर्पित इस खास श्रद्धांजलि में अपनी गर्मजोशी जोड़ने के लिए धन्यवाद, जान्हवी कपूर।” इसी के साथ ए. आर. रहमान ने फिल्ममेकर बोनी कपूर का भी इस सहयोग को संभव बनाने में मदद करने के लिए आभार जताया।
इसमें दो राय नहीं है कि इस श्रद्धांजलि के साथ जाह्नवी कपूर का जुड़ना इस खास संगीत समारोह को और भी खास बनाता है। यह नई पीढ़ी के कलाकारों और दर्शकों को आशा भोसले की सदाबहार संगीत विरासत से जोड़ने का एक खूबसूरत प्रयास है। इस खास म्यूजिकल ट्रिब्यूट को लेकर उत्सुकता बढ़ने के साथ जाह्नवी की मौजूदगी ने इसे और यादगार बना दिया है।
आशा भोसले की विरासत को नई पीढ़ी जाह्नवी कपूर का सलाम, ए.आर. रहमान ने जताया आभार

