डोंबिवली। अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के तत्वावधान में तेरापंथ महिला मंडल, डोंबिवली द्वारा आध्यात्मिक ऊर्जा, तप एवं साधना से परिपूर्ण आयंबिल तप अनुष्ठान एवं नमस्कार महामंत्र जाप का आयोजन तेरापंथ भवन में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लगभग 50 बहनों द्वारा सामूहिक नमस्कार महामंत्र जाप से हुआ। वातावरण महामंत्र की पवित्र ध्वनि से गुंजायमान हो उठा और सभी बहनों ने भक्तिभाव एवं एकाग्रता के साथ आध्यात्मिक साधना का लाभ लिया। कार्यक्रम में पधारे विशिष्ट अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष श्रीमती सुधाजी सियाल एवं मंत्री श्रीमती मीना जी धाकड़ ने किया।
तेरापंथ युवक परिषद डोंबिवली से अध्यक्ष विपीनजी मेहता एवं मंत्री भावेशजी की उपस्थिति रही। तेरापंथी सभा के अध्यक्ष मदनजी कोठारी एवं उनकी टीम ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को गौरवान्वित किया। इस अवसर पर परामर्शक बहनों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं कोर टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही अभातेममं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जुलीजी मेहता की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
आयंबिल तप के माध्यम से बहनों ने त्याग, संयम और आत्मशुद्धि की दिशा में कदम बढ़ाया। नमस्कार महामंत्र के जाप से मन में शांति, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। सम्पूर्ण कार्यक्रम श्रद्धा, अनुशासन एवं सामूहिक साधना की सुंदर अभिव्यक्ति बना। सभी की सहभागिता ने इस आयोजन को सार्थक एवं स्मरणीय बनाया।
डोंबिवली में तेरापंथ महिला मंडल का आयंबिल तप अनुष्ठान संपन्न

