लखनऊ। भीषण गर्मी और उमस से परेशान उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी सात दिनों में प्रदेश में मानसून की गतिविधियां लगातार बढ़ेंगी, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज होने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
शुरुआती दिनों में हल्की बारिश, तेज हवाओं का भी अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 28 और 29 जून को पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा कुछ इलाकों में वज्रपात की भी आशंका है।
30 जून से बढ़ेगा बारिश का दायरा
30 जून से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में व्यापक वर्षा होने के आसार हैं, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की जा सकती है। इससे प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना होने की उम्मीद है।
एक से चार जुलाई तक मानसून रहेगा प्रभावी
एक और दो जुलाई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश का अनुमान है। तीन जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तथा पश्चिमी हिस्से के कई इलाकों में वर्षा जारी रह सकती है। चार जुलाई को भी दोनों क्षेत्रों में बारिश की संभावना बनी रहेगी।
सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने गरज-चमक और वज्रपात के दौरान लोगों से खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। तेज हवाओं और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की अपील भी की गई है।
