गनेशपुर, बस्ती। जिले में गुरुवार शाम भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रियाजुल हसन उर्फ रहबर पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि मुडघाट पुल के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर तलवार और हॉकी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में भाजपा नेता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार नगर पंचायत गनेशपुर के चौरवा निवासी रियाजुल हसन गुरुवार शाम करीब पांच बजे वाल्टरगंज थाने में किसी मामले की पैरवी के लिए गए थे। पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश को लेकर वाल्टरगंज निवासी अनिल यादव पुत्र अभयराम यादव ने अपने 4-5 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर मुडघाट पुल के पास उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने तलवार और हॉकी-डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के मुताबिक उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है, लेकिन अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। परिजन और समर्थक आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
थाने से पैरवी कर लौटे भाजपा नेता पर हमला, दबंगों ने तलवार और डंडों से बरसाए वार

