कप्तानगंज, बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महुलानी बुजुर्ग गांव में आबादी के बीच चल रहे कथित अवैध मुर्गी फार्म को लेकर एक बेवा महिला ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे उसकी परेशानी लगातार बनी हुई है।
गांव निवासी मंजू मौर्या पत्नी स्वर्गीय बिहारी लाल ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और स्थानीय थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि पड़ोसी मो. नईम पुत्र मुनव्वर अली द्वारा उनके घर के बगल में मुर्गी फार्म संचालित किया जा रहा है, जिससे दुर्गंध, गंदगी और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। महिला का आरोप है कि उनके पति की मृत्यु के बाद वह अपने पुत्र के साथ रह रही हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, पहले भी आरोपी द्वारा उन्हें परेशान किया गया और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो घर के पास ही मुर्गी फार्म शुरू कर दिया गया। महिला ने आरोप लगाया कि फार्म पर आने-जाने वाले लोगों के कारण उन्हें असुरक्षा महसूस होती है।मंजू मौर्या का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकी दी जाती है और घर छोड़कर चले जाने का दबाव बनाया जाता है।
उन्होंने अपनी शिकायत में जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि मुर्गी फार्म में मरने वाली मुर्गियों को नहर के किनारे फेंक दिया जाता है, जिन्हें आवारा कुत्ते खींचकर आसपास ले आते हैं। इससे गांव में संक्रमण और बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। फार्म से निकलने वाली बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, यह फार्म गांव की आबादी, आंगनबाड़ी केंद्र, मंदिर, विद्यालय, कोचिंग संस्थान और चौराहे के आसपास स्थित है। उनका कहना है कि आबादी के बीच फार्म संचालित होने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंजू मौर्या ने बताया कि उन्होंने 17 मई 2026 को गंदगी और परेशानी को लेकर शिकायत की थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी और कप्तानगंज थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। महिला ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए, नियम विरुद्ध संचालित हो रहे मुर्गी फार्म पर कार्रवाई की जाए और उसे आबादी क्षेत्र से हटाया जाए। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा की भी गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद प्रशासन जांच कर कब तक कार्रवाई करता है।
शिकायत पर सिर्फ आश्वासन, मुर्गी फार्म के दुर्गंध और विवाद से परेशान महिला ने लगाई न्याय की गुहार

