बेंगलुरु। जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ द्वारा राजाजीनगर स्थित जीतो कार्यालय में “समर सलाद्स एंड कूलर्स स्टूडियो” विषयक एक विशेष स्वास्थ्य एवं पोषण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में 130 से अधिक प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की, जबकि 665 से अधिक दर्शक यूट्यूब लाइव के माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ।
जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ की चेयरमैन श्रीमती लक्ष्मी बाफना ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम की प्रायोजक श्रीमती ज्योति कमलेश संचेती के सहयोग के लिए विशेष आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती बिंदु नाहर ने मंच संचालन करते हुए उपस्थित गणमान्य अतिथियों, फाउंडर चेयरपर्सन श्रीमती निशा जियानी एवं पूर्व चेयरपर्सन श्रीमती मधु डोशी का स्वागत किया तथा उन्हें अपने प्रेरणादायी विचार साझा करने हेतु आमंत्रित किया। सह-संयोजिका श्रीमती सारिका जैन ने कार्यशाला की प्रशिक्षक श्रीमती निशा जियानी का परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने उनके स्वास्थ्यवर्धक एवं पौष्टिक भोजन निर्माण के क्षेत्र में अनुभव, रचनात्मकता तथा विशेषज्ञता की जानकारी दी।
अपने मार्गदर्शन में श्रीमती निशा जियानी ने स्वास्थ्यवर्धक सलाद, समर कूलर्स, घरेलू ड्रेसिंग्स, रचनात्मक गार्निशिंग, खाद्य संरक्षण तथा समय बचाने वाली रसोई तकनीकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विशेष रूप से सब्जियों के छिलकों, डंठलों एवं सामान्यतः फेंक दिए जाने वाले भागों का उपयोग कर पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने की अभिनव विधियाँ साझा कीं, जिन्हें प्रतिभागियों ने अत्यंत सराहा। कार्यशाला में ताज़े सलाद एवं समर कूलर्स के स्वास्थ्य लाभ, हेल्दी ड्रेसिंग्स एवं सॉसेज़ बनाने की विधियाँ, आकर्षक फूड प्रेजेंटेशन एवं गार्निशिंग तकनीकें, समय बचाने वाली रसोई टिप्स तथा स्मार्ट फूड स्टोरेज एवं खाद्य अपव्यय कम करने के प्रभावी उपायों की उपयोगी जानकारी प्रदान की गई। प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका श्रीमती निशा जियानी ने विस्तारपूर्वक समाधान प्रस्तुत किया। महामंत्री श्रीमती रक्षा छाजेड़ ने संगठन की आगामी गतिविधियों एवं महत्वपूर्ण घोषणाओं की जानकारी साझा की तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर कोर कमेटी एवं कमेटी सदस्यगणों में सुमन रांका, सुमन वेदमुथा, कोषाध्यक्ष तनुजा मेहता, स्वीटी नाहर, नेहा भंडारी, मोना आंचलिया, नंदा बाफना, अलका लोढ़ा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी के सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में नेटवर्किंग सत्र का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला की व्यावहारिक जानकारी, स्वास्थ्यवर्धक विषयवस्तु एवं रोचक प्रस्तुति की भरपूर सराहना करते हुए स्वस्थ एवं सतत जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
जीतो लेडीज़ विंग बेंगलुरु नॉर्थ द्वारा “समर सलाद्स एंड कूलर्स स्टूडियो” का सफल आयोजन

