मुंबई। संस्कृति, साहित्य, प्रतिभा और राष्ट्र भावना से ओत-प्रोत दो भव्य कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुप्रसिद्ध साहित्यकार, वरिष्ठ समाजसेवी एवं लोढ़ा फाउंडेशन की अध्यक्षा श्रीमती मंजू लोढ़ा के प्रेरणादायी मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। श्रीमती लोढ़ा जहाँ जैन इंटरनेशनल वूमेन ऑर्गनाइजेशन (JIWO) के साउथ मुंबई चैप्टर की अध्यक्षा हैं, वहीं वे ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच की संस्थापक-अध्यक्षा भी हैं। दोनों आयोजनों में उत्साह, रचनात्मकता, सांस्कृतिक गौरव और देशभक्ति का सुंदर संगम देखने मिला। जैन समाज की परम पूज्य विदुषी आर्या श्री मयणाश्रीजी महाराज साहेब की प्रेरणा एवं नेतृत्व में प्रारम्भ हुई संस्था JIWO साउथ मुंबई चैप्टर आज महिलाओं को संस्कृति, सेवा और सशक्तिकरण से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है।
लोढ़ा पार्क में आयोजित JIWO साउथ मुंबई चैप्टर टैलेंट कॉम्पिटिशन में विभिन्न प्रतिभागियों ने जैन समाज एवं भारतीय संस्कृति पर आधारित नृत्य, संगीत, अभिनय और अन्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में महिलाओं और समूहों ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर सुश्री शालिनी पीरामल, डॉ. करेन टेरी रज़ा तथा सुप्रसिद्ध अभिनेत्री एवं समाजसेविका सुश्री दिलजोत विशेष अतिथियों के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के पश्चात सभी JIWO सदस्यों ने गरबा नृत्य का आनंद लिया, जिससे वातावरण उल्लास और उमंग से भर गया। प्रतियोगिता में विजेता बने सभी प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई।
इसी क्रम में लोढ़ा कोस्टेरिया में आयोजित ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच का काव्य मिलन कार्यक्रम भी अत्यंत सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इसका विषय था “आपकी पसंदीदा जगह”, जिसमें विभिन्न कवियों और साहित्य प्रेमियों ने अपनी सुंदर रचनाओं के माध्यम से भावपूर्ण अभिव्यक्तियाँ प्रस्तुत कीं। इसी अवसर पर पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय का भी उत्सव मनाया गया। इसमें यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। उपस्थित सभी लोगों ने देश की प्रगति, विकास और मजबूत नेतृत्व के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया। दोनों आयोजन श्रीमती मंजू लोढ़ा के सशक्त नेतृत्व, सांस्कृतिक सोच और सामाजिक समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण बने। सुश्री इंदिरा खींवसरा ने कार्यक्रमों का सफल संचालन किया। श्रीमती मंजू लोढ़ा ने सफल आयोजन के लिए दोनों संस्थाओं की सभी सदस्याओं के प्रति आभार प्रकट किया।
JIWO और ज्ञान गंगोत्री काव्य मंच के कार्यक्रमों में सांस्कृतिक गौरव एवं देशभक्ति का सुंदर संगम

