लोकप्रिय अभिनेत्री हेली शाह अब टीवीएफ की बेहद पसंदीदा सीरीज़ ‘गुल्लक’ के सीज़न 5 में नज़र आने वाली हैं। मिडिल क्लास भारतीय परिवार की सादगी, अपनेपन और रोज़मर्रा की चुनौतियों को खूबसूरती से दिखाने वाली इस सीरीज़ ने पिछले कुछ वर्षों में दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। फिलहाल मिश्रा परिवार की भावुक और मज़ेदार कहानियों से जुड़ाव महसूस करने वाले फैंस अब नए सीज़न का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। हेली शाह, जिन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है, इससे पहले भी ‘गुल्लक’ की दुनिया में अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुकी हैं। उनके किरदार को दर्शकों ने काफी भी पसंद किया था, खासकर उनकी सादगी और शो की नैचुरल कहानी के साथ उनकी सहज केमिस्ट्री को।
हाल ही में रिलीज़ हुई हेली शाह की नई तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है। कैज़ुअल एथलीज़र लुक में नज़र आ रहीं हेली के चेहरे के इमोशनल एक्सप्रेशंस इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि इस बार उनकी कहानी सीज़न में एक नया भावनात्मक पहलू जोड़ सकती है। तस्वीरों में एक ऐसा सीन भी देखने को मिल रहा है, जो काफी भावुक नज़र आता है और दर्शकों के मन में मिश्रा परिवार के साथ उनके रिश्ते को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है। अपने पुराने अंदाज़, हल्के-फुल्के हास्य और दिल छू लेने वाली स्लाइस-ऑफ-लाइफ कहानी के साथ ‘गुल्लक’ सीज़न 5 एक बार फिर जहां दर्शकों को यादगार सफर पर ले जाने के लिए तैयार है, वहीं, हेली शाह की एंट्री इस सीज़न में एक नया और ताज़ा रंग जोड़ने वाली है, जिससे फैंस की एक्साइटमेंट और भी बढ़ गई है।
हेली शाह की लोकप्रिय सीरीज़ ‘गुल्लक 5’ में एंट्री, कहानी में आएगा नया इमोशनल ट्विस्ट

