बेंगलुरु, राजाजीनगर। जीतो नॉर्थ चैप्टर के राजाजीनगर स्थित कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें जीतो एपेक्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजयजी भंडारी, जनरल सेक्रेटरी ललितजी डांगी, सेक्रेटरी श्रीपालजी बच्छावत एवं डायरेक्टर प्रवीण शाह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर केकेजी जोन के चेयरमैन प्रवीणजी बाफना, सेक्रेटरी दिलीपजी, नॉर्थ चैप्टर की पूरी मैनेजिंग कमेटी, महिला विंग एवं यूथ विंग के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम की शुरुआत नमोकार महामंत्र के साथ हुई। इसके पश्चात चेयरमैन विमलजी कटारिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि जीतो नॉर्थ बैंगलोर चैप्टर सेवा, नॉलेज एवं आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने पिछले तीन वर्षों में हुए ऐतिहासिक आयोजनों का उल्लेख करते हुए कहा कि चैप्टर भविष्य में भी बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ने के लिए संकल्पित है। इस अवसर पर जीतो एपेक्स के महामंत्री ललितजी डांगी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को केवल मनोरंजन तक सीमित न रखते हुए समाज के उत्थान हेतु योजनाबद्ध सामाजिक कार्यों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रमों की योजना बनाते समय सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष विजयजी भंडारी ने अपने संबोधन में जीतो बैंगलोर नॉर्थ चैप्टर की सराहना करते हुए इसे एक “यूनिवर्सिटी” की संज्ञा दी, जहां से लीडर तैयार होते हैं। उन्होंने विमलजी कटारिया के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए अल्प समय में आठ हजार वर्गफीट का कार्यालय तैयार करना एक बड़ी उपलब्धि बताया। साथ ही महिला विंग द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की। प्रश्नोत्तर सत्र में महिला विंग से मधु कटारिया द्वारा निःशुल्क कार्यक्रमों को लेकर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम में न्यूनतम शुल्क होना आवश्यक है, जिससे उसकी उपयोगिता और मूल्य बना रहता है। इस दौरान मदनजी, प्रीतेशजी एवं दिनेशजी ने भी अपने प्रश्न रखे, जिनका समाधान विस्तारपूर्वक दिया गया। कार्यक्रम का संचालन दिनेशजी बाफना द्वारा किया गया तथा अंत में अशोक भंडारी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
जीतो राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नॉर्थ चैप्टर मैनेजिंग कमेटी से की भेंट, संगठनात्मक मजबूती पर दिया जोर

