डोंबिवली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के निर्देशानुसार, तेरापंथ महिला मंडल, डोंबिवली द्वारा 7 मार्च 2026 को तेरापंथ भवन, डोंबिवली में “गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान” के अंतर्गत ‘NGO Meet’ का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र के साथ हुई और एबीटीएमएम महामंत्री रचना जी हिरण ने बैनर के अनावरण के साथ ही कार्यक्रम के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की. महिला मंडल की बहनों के द्वारा मंगलाचरण की प्रस्तुति हुई।
मंडल अध्यक्ष सुधा सियाल ने सभी अतिथियों का स्वागत अभिनन्दन किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न गैर-सरकारी संगठनों (NGO) और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित किया गया। चर्चा के मुख्य बिंदु महिलाओं का सामाजिक योगदान, महिला सशक्तिकरण, उनके अधिकार और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषय रहे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गृहिणियों को केवल घर की चारदीवारी तक सीमित न रखकर उनके श्रम और योगदान को उचित सम्मान दिलाना तथा उनमें आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान की भावना को बढ़ाना है।
श्रीमती रचना जी हिरण: महामंत्री, अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल, श्रीमती जूली जी मेहता एवं श्रीमती रेखा जी सियाल: कार्यसमिति सदस्य, ABTMM, सौ. हर्षाली विजय चौधरी: महापौर, कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका, सौ. रंजना मितेश पेणकर: नगरसेविका, सौ. खुशबू चौधरी: नगरसेविका आदि लोगों की उपस्थिति रही।
इस संवादात्मक कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं के स्वाभिमान को सशक्त करने, समाज में महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता लाने और विभिन्न संस्थाओं के समन्वय से व्यापक जन-जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। इस तरह के प्रेरणादायी आयोजनों से समाज में महिलाओं की उपलब्धियों और उनके स्वाभिमान को नई ऊर्जा मिल रही है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अत्यंत सकारात्मक कदम है कार्यक्रम के दौरान प्रेस कॉन्फ़्रेंस के तहत् प्रात काल संवाददाता श्री महावीर जी बड़ाला व जीटीएन से सरोज जी सिंघवी ने चर्चा करते हुए सवाल जवाब किए।
यह जानकारी देते हुए हेमलता मुनोत ने बताया कि इस सुंदर और अर्थपूर्ण आयोजन का कुशल संचालन पिंकी जी बड़ाला व उपाध्यक्ष सरोज जी सिंघवी ने किया। आभार मंत्री मीना जी धाकड़ ने किया। कार्यक्रम में सभी बहनो का पूरा सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम की पूर्ण सफलता के लिए तेरापंथ महिला मंडल के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का हृदय से अभिनंदन और आभार प्रकट किया गया।
महिला दिवस पर तेरापंथ महिला मंडल डोंबिवली का “गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान – NGO Meet”

