मुंबई। के नेरुल क्षेत्र में तेरापंथ समाज द्वारा प्रथम वार्षिक स्नेह सम्मेलन का आयोजन दिनांक 17 जनवरी 2026, शनिवार को किया जा रहा है। यह सम्मेलन तेरापंथ समाज आचार्य तुलसी अणुव्रत ट्रस्ट, सेक्टर-29, प्लॉट नंबर-12, बस डिपो के समीप, नेरुल में आयोजित होगा।
जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा नेरुल के अध्यक्ष आनंद सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव, प्रेम, वात्सल्य, एकता एवं सामाजिक संगठन को और अधिक सुदृढ़ करना है। सम्मेलन को लेकर नेरुल क्षेत्र के समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। सम्मेलन के दौरान विविध खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं भिक्षु भक्ति संध्या का आयोजन किया जाएगा। भक्ति संध्या में मधुर भिक्षु गीतों के माध्यम से भिक्षुमय वातावरण निर्मित करने हेतु अभिलाषाजी बांठिया की विशेष प्रस्तुति रहेगी।
इस सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं स्मरणीय बनाने के लिए तेरापंथ सभा एवं तेरापंथ युवक परिषद की संपूर्ण कार्यकारिणी सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटी हुई है। इसमें सभा मंत्री अशोक धोका, कोषाध्यक्ष देवेंद्र बोहरा, तेयुप अध्यक्ष दिनेश कावड़िया, मंत्री मनोज वडाला, कोषाध्यक्ष नितेश सांखला, निवर्तमान अध्यक्ष चंद्रेश सोनी, ज्ञानशाला प्रभारी मुकेश बोहरा सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता सहयोग प्रदान कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त महिला मंडल अध्यक्ष प्रतिभा सोनी के नेतृत्व में महिला मंडल की सदस्याएं भी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी सुरेश छाजेड़ द्वारा दी गई।
नेरुल तेरापंथ समाज का प्रथम वार्षिक स्नेह सम्मेलन 17 जनवरी को

