भारतीय सिनेमा के लिए आज एक ऐतिहासिक पल सामने आया है क्योंकि सिद्धांत चतुर्वेदी ने अपने करियर की अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण और महत्वाकांक्षी भूमिका निभाने जा रहे हैं और यह भूमिका है महान फिल्मकार वी. शांताराम की, जिसका फर्स्ट-लुक पोस्टर उन्होंने रिलीज़ कर दिया है।
नए पोस्टर में सिद्धांत का लुक उस दौर की आत्मा के साथ उसकी रचनात्मकता को भी जीवित करता है, जिसके लिए वी. शांताराम जाने जाते थे। पोस्टर में वी. शांताराम बने सिद्धांत की बॉडी लैंग्वेज, नज़र और पूरी ऊर्जा इतनी प्रभावशाली है कि कलाकार और आइकॉन के बीच की रेखा मानो धुंधली हो गई है। माना जा रहा है कि सिद्धांत का यह ट्रांसफॉर्मेशन उनके करियर के लिए एक बहुत बड़ा और महत्वपूर्ण मोड़ साबित होगा, क्योंकि वह उस फिल्मकार की भूमिका निभाने जा रहे हैं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा की भाषा और दिशा को बदल कर रख दिया था। भारतीय सिनेमा के दिग्गज फिल्मकार वी. शांताराम की भूमिका निभाने को लेकर सिद्धांत चतुर्वेदी ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी और सम्मान की बात है कि मैं एक ऐसे प्रतिष्ठित फिल्मकार के जीवन को पर्दे पर ला रहा हूँ, जिन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए भारतीय सिनेमा को नए रूप में ढाला।”
गौरतलब है कि फिल्म ‘वी. शांताराम’, उस महान कलाकार की असाधारण यात्रा को दिखाती है, जिन्होंने शांत फिल्मों के युग से लेकर साउंड और रंगीन सिनेमा के विकास को प्रमुखता दी। यह फिल्म उनके क्रांतिकारी प्रयोगों, निडर कहानी कहने के अंदाज़ और सांस्कृतिक प्रभाव को भी उजागर करेगी। फिल्म ‘वी. शांताराम’ को अभिजीत शिरीष देशपांडे ने लिखा और निर्देशित किया है। इसे राजकमल एंटरटेनमेंट, कैमरा टेक फिल्म्स और रोअरिंग रिवर्स प्रोडक्शंस प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म के निर्माता हैं राहुल किरण शांताराम, सुभाष काले और सरिता अश्विन वर्दे। हालांकि पोस्टर रिलीज़ के साथ ही सिद्धांत चतुर्वेदी यह संकेत दे चुके हैं कि वह इस महत्त्वपूर्ण बायोपिक के ज़रिए भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली दिग्गजों में से एक की छवि को नए आयाम देने वाले हैं।
सिद्धांत चतुर्वेदी बने दिग्गज फिल्मकार वी. शांताराम के बायोपिक ‘वी. शांताराम’ का पहला पोस्टर हुआ रिलीज़

