प्रतीक्षित सिंह, लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU) में BAPSA-BBAU इकाई द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर “समता मार्च” का सफल आयोजन किया गया। यह मार्च 26 नवम्बर को आयोजित हुआ, जिसकी शुरुआत गौतम बुद्ध सेंट्रल लाइब्रेरी से हुई और समापन डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर हुआ। इस कार्यक्रम में लगभग 100 छात्रों ने भाग लेकर समानता, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मार्च के दौरान BAPSA-BBAU की सांस्कृतिक टीम ने प्रतिरोध के गीत प्रस्तुत किए, जिनमें प्रमुख रूप से “ये आज़ादी इसी लिए लगती नहीं हमें…” जैसे जनगीत शामिल थे। इन गीतों ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक मजबूती प्रदान की और संवैधानिक मूल्यों की याद दिलाई। विभिन्न साथियों ने भी अपने विचार रखे और वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा की।
इस अवसर पर BAPSA-BBAU ने स्पष्ट रूप से केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार लेबर कोड का विरोध दर्ज किया और इन्हें मज़दूर वर्ग के अधिकारों पर सीधा हमला बताया। संगठन ने कहा कि ये लेबर कोड पूंजी की सुरक्षा करते हैं, न कि श्रमिकों के हितों की। उन्होंने इसे मजदूर विरोधी नीति करार देते हुए कहा कि यह संविधान द्वारा प्रदत्त श्रम-अधिकार और सामाजिक सुरक्षा के सिद्धांतों का हनन है।
इसी दौरान संगठन ने विश्वविद्यालय में हाल ही में हुए दो छात्रों के निष्कासन तथा कई अन्य छात्रों पर की गई “फ़र्जी FIR” की भी कड़ी निंदा की। BAPSA-BBAU ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का प्रयास बताया और कहा कि कैंपस में बढ़ती दमनात्मक कार्रवाइयाँ विचार, अभिव्यक्ति और संगठन के अधिकार पर प्रहार हैं। संगठन ने इन घटनाओं को स्पष्ट शब्दों में “ब्राह्मणवादी फ़ासीवाद का हमला” कहा, जो विश्वविद्यालयी स्थानों में असहमति और सामाजिक न्याय की आवाज़ों को कमजोर करने की कोशिश है।
मार्च के समापन पर सभी प्रतिभागी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा के सामने एकत्र हुए, जहाँ सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया। सभी छात्रों ने भारत को एक समतामूलक, न्यायपूर्ण, समाजवादी और लोकतांत्रिक गणराज्य के निर्माण के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिज्ञा दोहराई।
BAPSA-BBAU ने कहा कि संविधान दिवस उन मूल्यों को याद करने का दिन है जिन्हें सामाजिक न्याय के अग्रदूतों ने अपने संघर्ष से स्थापित किया। संगठन ने विश्वविद्यालय समुदाय से आह्वान किया कि वे असमानता, उत्पीड़न और दमन के खिलाफ खड़े हों तथा कैंपस में लोकतांत्रिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और समता की रक्षा के लिए एकजुट रहें। BAPSA-BBAU द्वारा आयोजित यह समता मार्च विश्वविद्यालय में संवैधानिक मूल्यों, श्रमिक अधिकारों और छात्र अधिकारों की रक्षा का एक सशक्त सामूहिक हस्तक्षेप साबित हुआ।
संविधान दिवस पर लखनऊ विश्वविद्यालय में समता मार्च का आयोजन
Highlights
- छात्रों ने समानता, न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की

