राजकुमार गौतम, बस्ती (उ.प्र)। जिले के थाना नगर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला सरिता भारती साइबर ठगों की शातिर चाल का शिकार हो गईं। ठगों ने खुद को बस्ती साइबर क्राइम पुलिस का कर्मचारी बताकर महिला को डराया कि उनका मोबाइल नंबर सर्विलांस पर है और उन पर गंभीर आपराधिक मामला दर्ज होने वाला है।
दो घंटे में गिरफ्तारी होने की धमकी देकर ठगों ने पहले 15 हजार रुपये की मांग की और बाद में माँ-बहन की अश्लील गालियाँ देते हुए कुल 50,100 रुपये ठग लिए। महिला का कहना है कि उनका असली मोबाइल फोन 31 अक्टूबर 2025 से थाना नगर पुलिस के पास जाँच के लिए जमा है। इसी का फायदा उठाते हुए ठग ने 24 नवम्बर 2025 को सुबह करीब 11:30 बजे उनके दूसरे नंबर पर फोन किया और खुद को “प्रभाकर मिश्रा, साइबर क्राइम पुलिस” बताया। उसने कहा, “तुम्हारा फोन सर्विलांस पर लगा है, गलत कंटेंट मिला है, दो घंटे में पुलिस तुम्हें गिरफ्तार कर लेगी। अगर बचना है तो कमरे से बाहर मत निकलना और जो मैं कहूँ वही करना।” डर के मारे महिला मान गई।
ठग ने किसी कथित “वरिष्ठ अधिकारी” से बात करने का नाटक किया और कहा कि 15 हजार रुपये देकर मामला रफा-दफा कर दिया जाएगा। घबराहट में महिला ने गूगल-पे के जरिए पहले 300 और 2,800 रुपये भेजे। इसके बाद ठग ने अश्लील गालियाँ देते हुए लगातार पैसे मांगते रहे और महिला से कुल 50,100 रुपये अलग-अलग ट्रांजेक्शन में ठग लिए। ठग ने पैसे एक नंबर पर मँगवाए। जब महिला को ठगी का अहसास हुआ तो उन्होंने 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर पूरी घटना की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और आज दिनांक 25 नवम्बर 2025 को थाना साइबर क्राइम बस्ती में लिखित तहरीर देकर अज्ञात ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, ठगे गए पैसे की रिकवरी करने और खुद व परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। महिला ने बताया कि चूँकि उनका असली फोन पुलिस के पास जमा था, इसलिए वे आए हुए कॉल को असली पुलिस का कॉल समझ बैठीं और ठगी का शिकार हो गईं।
साइबर ठगों ने महिला से पुलिस बनकर ठगे 50,100 रुपये
Highlights
- मोबाइल जाँच के बहाने दी गिरफ्तारी की धमकी, गाली-गलौज कर उगले पैसे

