राजकुमार गौतम, बस्ती (उ.प्र.)। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, शाखा बस्ती ने सेवा पखवाड़े के अंतर्गत मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी रवीश गुप्ता और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम की उपस्थिति में 21 टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य टीबी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और मरीजों को बेहतर पोषण व सहायता प्रदान करना है।
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने इस अवसर पर जनपद के नागरिकों से अपील की कि वे टीबी मुक्त भारत के इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा, “टीबी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर उपचार और सामुदायिक सहयोग से इसे पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। मैं जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों से अनुरोध करता हूं कि वे इस मुहिम में आगे आएं और ज्यादा से ज्यादा टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके स्वास्थ्य में योगदान दें।” मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव निगम ने बताया कि जिले में टीबी मरीजों को गोद लेने की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में हम मरीजों को गोद लेने की संख्या में और वृद्धि करेंगे।
यह अभियान न केवल मरीजों के लिए पोषण और उपचार सुनिश्चित करता है, बल्कि समाज में टीबी के प्रति जागरूकता भी फैलाता है।” जिला क्षय रोग अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान में जन-जन की भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने बताया, “देश तेजी से टीबी मुक्त की ओर अग्रसर है। इस अभियान के तहत मरीजों को न केवल उपचार और पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है, बल्कि सामाजिक समर्थन भी प्रदान किया जा रहा है, जो उनके ठीक होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ” भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, बस्ती के सभापति डॉ. प्रमोद चौधरी ने बताया कि सोसाइटी ने पहले भी 15 टीबी मरीजों को गोद लिया था, जो अब पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि हर जरूरतमंद मरीज को सहायता मिले और वह जल्द से जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सके।” कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़े के अंतर्गत यह पहल की जा रही है। श्रीवास्तव ने कहा, “हमारा प्रयास है कि टीबी मरीजों को न केवल पोषण और उपचार मिले, बल्कि समाज का हर वर्ग उनकी मदद के लिए आगे आए।” कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष राजेश ओझा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्येंद्र दुबे, जिला क्षय रोग कोऑर्डिनेटर अखिलेश चतुर्वेदी, गौहर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने टीबी मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया और इस अभियान को और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी बस्ती ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 21 मरीजों को वितरित की पोषण पोटली

