जीतो बेंगलुरु। नॉर्थ चैप्टर द्वारा आगामी “जीतो ज़ेवर एक्सपो एवं द ब्राइडल स्टोरी तथा कॉन्क्लेव” की तैयारियों को लेकर मुख्य विंग, लेडीज़ विंग एवं यूथ विंग की संयुक्त प्रबंधन समिति की बैठक का आयोजन राजाजीनगर स्थित जीतो बेंगलुरु नॉर्थ कार्यालय में किया गया। बैठक की शुरुआत नवकार मंत्र के पावन उच्चारण से हुई, जिससे कार्यक्रम का शुभारंभ आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ हुआ। बैठक में जीतो बेंगलुरू नॉर्थ चेयरमैन विमल कटारिया ने आयोजन की समग्र योजना एवं विभागीय समन्वय पर आधारित समीक्षा प्रस्तुत की, साथ ही इस आयोजन को एक टीम प्रयास के रूप में सफल बनाने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि यह एक्सपो न केवल व्यापारिक दृष्टि से महत्त्वपूर्ण है, बल्कि इससे जीतो की सार्वजनिक छवि को भी नई ऊँचाइयाँ मिलेंगी।
इसके पश्चात जीतो बेंगलुरू नॉर्थ महामंत्री विजय सिंघवी ने जीतो ज़ेवर एक्सपो की विस्तृत रूपरेखा और उद्देश्यों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने आयोजन की पृष्ठभूमि, इसकी मौलिकता एवं इसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी, जिससे सभी सदस्यों को आयोजन के व्यापक दृष्टिकोण का स्पष्ट आभास हुआ। लेडीज़ विंग चेयरपर्सन लक्ष्मी बाफना ने महिला विंग की ओर से तैयारियों की जानकारी दी और आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भूमिका पर बल देते हुए “द ब्राइडल स्टोरी” एवं “कॉन्क्लेव” के विशिष्ट पहलुओं को रेखांकित किया। बैठक के दौरान समिति के सभी सदस्यों ने मिलकर जीतो ज़ेवर एक्सपो एवं द ब्राइडल स्टोरी के ब्रॉशर का विधिवत लॉन्च किया। प्रितेश जैन ने मार्केटिंग योजना की जानकारी साझा की, मदन जैन एवं सुमन सिंघवी ने स्टॉल बुकिंग प्रक्रिया पर प्रकाश डाला, जबकि अशोक भंडारी ने प्रायोजकों की सहभागिता संबंधी प्रस्तुति दी। वाइस चेयरमैन दिनेश बाफना ने जीतो बेंगलुरु नॉर्थ के नए कार्यालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिससे संगठनात्मक विकास की दिशा स्पष्ट हुई।
युवा विंग की ओर से कोऑर्डिनेटर प्रमित बाफना, यूथ विंग चेयरपर्सन अनिश भोजानी और चीफ सेक्रेटरी आशीष टपरावत ने एक रोचक प्रस्ताव रखा जिसमें फूड फेस्टिवल और मॉक मैरिज इवेंट की योजना शामिल रही। सुनील लोढ़ा ने मैट्रिमोनी विंग की आगामी गतिविधियों की जानकारी दी, वहीं संजय पितालिया ने जेपीएफ़ कार्यक्रम की रिपोर्ट साझा करते हुए भविष्य की गतिविधियों का खाका प्रस्तुत किया। इस बैठक में लेडीज़ विंग मंत्री रक्षा छाजेड समेत कई प्रमुख पदाधिकारी व समिति सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आयोजन की सफलता हेतु अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए तथा आयोजन को और अधिक प्रभावशाली बनाने हेतु रणनीतियों पर विचार किया। यह बैठक आगामी “जीतो ज़ेवर एक्सपो एवं द ब्राइडल स्टोरी” को एक अभूतपूर्व, संगठित एवं प्रभावशाली आयोजन बनाने की दिशा में सशक्त कदम सिद्ध हुई।
जीतो बैंगलोर नॉर्थ द्वारा 5 से 7 सितंबर होने वाले ‘जीतो ज़ेवर एक्सपो एवं द ब्राइडल स्टोरी’ की उच्चस्तरीय संयुक्त प्रबंधन समिति बैठक

