बैंगलुरु। आर्थिक सुदृढ़ता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए जीतो बेंगलुरु नॉर्थ चैप्टर, जीतो अपेक्स, जीतो लेडीज विंग एवं जीतो केकेजी ज़ोन के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 5 से 7 सितंबर 2025 को आयोजित होने वाले “जीतो जेवर एक्सपो एवं द ब्राइडल स्टोरी” कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन राजाजी नगर स्थित जीतो नॉर्थ कार्यालय में किया गया। इस बैठक में विशेष रूप से जीतो लेडीज विंग बैंगलुरु नॉर्थ की पूर्व अध्यक्षों को आमंत्रित किया गया था, जिनका उद्देश्य इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन की कार्ययोजना को सुदृढ़ बनाना तथा बहुमूल्य सुझाव प्राप्त करना था। बैठक की शुरुआत जीतो लेडीज विंग चेयरपर्सन श्रीमती लक्ष्मी बाफना ने सभी गणमान्य पूर्व अध्यक्षों एवं कार्यकारिणी सदस्यों के स्वागत भाषण से की। उन्होंने बताया कि “द ब्राइडल स्टोरी” आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी जीतो लेडीज विंग बेंगलुरु नॉर्थ द्वारा निभाई जाएगी। उन्होंने इसकी संकल्पना प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह इवेंट आधुनिक युग की दुल्हनों एवं उनके परिवारों के लिए एक विशिष्ट और प्रेरणादायक मंच सिद्ध होगा। कार्यक्रम की संयोजिका सुमन सिंघवी एवं सह-संयोजिका बिंदु नाहर ने आयोजन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं एवं जिम्मेदारियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। बैठक में उपस्थित पूर्व अध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक अपने विचार एवं सुझाव साझा किए: प्रमिला भंडारी ने अपने अनुभवों के आधार पर टीम द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
निशा सामर ने सुझाव दिया कि इस कार्यक्रम में देश की विविध पारंपरिक पोशाकों की स्टॉल्स को शामिल किया जाए, ताकि विविधता और भारतीय संस्कृति का प्रदर्शन हो। मधु दोषी ने इवेंट को सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लाइव प्रसारित करने का सुझाव दिया, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसकी पहुंच बने। सुनीता गांधी (पूर्व अध्यक्ष एवं श्रमण आरोग्यम कन्वीनर, अपेक्स) ने कार्यक्रम की सफलता हेतु टीम के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। बिंदु रायसोनी (पूर्व चेयरपर्सन एवं हाउसहोल्ड मॉडल कन्वीनर, अपेक्स) ने इवेंट के दौरान महिलाओं के लिए प्रेरणादायक व्याख्यान आयोजित करने की बात कही, जो आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहन दें। पिंकी जैन (केकेजी ज़ोन कन्वीनर) ने स्थानीय उद्यमियों और बड़े डिजाइनरों को मंच देने का सुझाव दिया ताकि फुटफॉल बढ़े और व्यावसायिक सफलता सुनिश्चित हो। बैठक के समापन पर जीतो लेडीज विंग महामंत्री रक्षा छाजेड़ ने सभी पूर्व अध्यक्षों का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन से यह आयोजन नई ऊँचाइयों तक पहुँचेगा। बैठक में जीतो लेडीज विंग उपाध्यक्ष सुमन वेद मेहता, कोषाध्यक्ष तनुजा मेहता, सहमंत्री सुमन रांका, कार्यसमिति सदस्य संगीता नागोरी, मोना अंचलिया, संगीता मुथा आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
जीतो जेवर एक्सपो एवं द ब्राइडल स्टोरी” की तैयारियों को लेकर पूर्व अध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक

