चेम्बूर। तेरापंथ युवक परिषद्, चेम्बूर द्वारा संचालित आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) के स्थानांतरण समारोह ने सेवा के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया। यह अवसर केवल तेरापंथ युवक परिषद् के लिए ही नहीं, बल्कि तेरापंथ सभा, चेम्बूर ट्रस्ट एवं सम्पूर्ण चेम्बूर समाज के लिए सेवा का एक स्वर्णिम अध्याय बन गया।
कार्यक्रम पूज्य साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी आदि ठाणा-6 के पावन सान्निध्य में सम्पन्न हुआ। साध्वीश्रीजी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि आचार्य तुलसी के नाम से जुड़ा यह सेवा प्रकल्प उनके मानवीय दृष्टिकोण एवं सेवा-दर्शन का साकार स्वरूप है। उन्होंने इस सेवा अभियान को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों एवं दानदाताओं के प्रति मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद् के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवनजी मांडोत ने कहा कि मुंबई के कार्यकर्ता केवल आयोजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि प्रत्येक सेवा उपक्रम को समर्पण, संगठन शक्ति एवं सेवाभाव के साथ साकार कर धर्मसंघ की प्रभावना करते हैं। उन्होंने कहा कि ATDC आज चेम्बूर की एक विशिष्ट पहचान बन चुका है तथा पूर्व अध्यक्ष श्री संदीपजी कोठारी जैसे अनुभवी कार्यकर्ताओं के मार्गदर्शन में परिषद् निरंतर नई ऊँचाइयों को प्राप्त कर रही है।
तेरापंथ सभा, चेम्बूर के अध्यक्ष श्री लक्ष्मणजी ने सभा की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवनजी मांडोत का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। पूर्व एबीटीवाईपी अध्यक्ष श्री किशनजी डागलिया ने अपने उद्बोधन में कहा कि “साध्वीश्री निर्वाणश्रीजी को ‘निर्माणश्रीजी’ कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी।” उन्होंने कहा कि साध्वीश्री अपने प्रेरक व्यक्तित्व से कार्यकर्ताओं में सेवा, समर्पण एवं आध्यात्मिक चेतना का सतत संचार करती रहती हैं। स्थानीय महिला मंडल अध्यक्षा श्रीमती ममताजी कच्छारा तथा तेरापंथ युवक परिषद्, चेम्बूर के अध्यक्ष श्री हिमांशुजी गन्ना ने भी अपने भावपूर्ण विचार व्यक्त किए। इसी अवसर पर ‘संबोधि परियोजना’ के द्वितीय चरण के अंतर्गत आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) में एक नवीन साहित्य स्टैंड का शुभ अनावरण भी सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवनजी मांडोत, उनकी टीम, मुंबई ज़ोन के पदाधिकारीगण तथा जैन विश्व भारती के साहित्य प्रचारक श्री प्रकाशजी धाकड़ एवं श्री नवनीतजी चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अनेक गणमान्य सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष से सभी ATDC केंद्रों में ‘संबोधि परियोजना’ को स्थापित करने का अनुरोध भी किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन पूर्व अध्यक्ष श्री रमेशजी धोका ने किया। विभिन्न वक्ताओं ने परिषद् की संगठन क्षमता, सेवा कार्यों एवं कार्यकर्ताओं की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं संत-सान्निध्य से ही ऐसे सेवा प्रकल्प सफल होते हैं।
इस अवसर पर स्थानीय सभा मंत्री श्री दिलीपजी मेहता ने अपना समय-विसर्जन कर प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। पूर्व अध्यक्ष श्री संदीपजी कोठारी ने संक्षिप्त किन्तु सारगर्भित उद्बोधन दिया। मुंबई सभा अध्यक्ष श्री सुरेन्द्रजी कोठारी एवं कोषाध्यक्ष श्री रिंकूजी बापना की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उन्होंने परिषद् के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए अपनी मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं। स्थानांतरण समारोह के शुभ अवसर पर जैन संस्कारकों द्वारा धार्मिक अनुष्ठान विधिवत सम्पन्न कराया गया। इस मांगलिक अनुष्ठान में तेरापंथ सभा, सांताक्रूज़ से संस्कारक श्री किरणजी परमार, श्री राजेशजी चंडालिया एवं श्री पवनजी बापना की विशेष सहभागिता रही। उनकी गरिमामयी उपस्थिति एवं सहयोग ने कार्यक्रम की आध्यात्मिक गरिमा को और अधिक बढ़ाया। कार्यक्रम की सफलता में चेम्बूर तेरापंथ ट्रस्ट के श्री भगवतीलालजी धाकड़ एवं श्री मूलचंदजी लोढ़ा का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। साथ ही सभा के कोषाध्यक्ष श्री सुरेशजी धाकड़ का अमूल्य मार्गदर्शन एवं सहयोग भी पूरे आयोजन के दौरान प्रेरणादायी रहा। उपस्थित सभी श्रावक-श्राविकाओं ने ATDC के इस सेवा प्रकल्प एवं संबोधि परियोजना की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। अंत में तेरापंथ युवक परिषद्, चेम्बूर के मंत्री श्री कपिलजी मेहता ने संत-सान्निध्य, सभी अतिथियों, दानदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
आचार्य तुलसी डायग्नोस्टिक सेंटर (ATDC) का स्थानांतरण समारोह एवं ‘संबोधि परियोजना’ के द्वितीय चरण का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में सम्पन्न

