कृति खरबंदा, जो इन दिनों अपनी ओटीटी डेब्यू वेब सीरीज़ राणा नायडू 2 की सफलता का आनंद ले रही हैं, हाल ही में एक बेबाक इंटरव्यू में अपने चुलबुले और बिंदास अंदाज़ की झलक देती नज़र आईं। अपनी सादगी और ईमानदारी के लिए जानी जाने वाली अभिनेत्री ने खुलकर बताया कि कैसे जब वी मेट उनके लिए सिर्फ़ एक फ़िल्म नहीं थी, बल्कि वो उनके बचपन की शख्सियत का आईना भी थी।
“मुझे बोलना बहुत पसंद है। हम ये इंटरव्यू 6 घंटे तक कर सकते हैं, मैं थकूंगी नहीं। बोलना मेरा सबसे पसंदीदा टाइमपास है,” कृति ने अपनी ख़ास मुस्कान के साथ बेझिझक कहा। इसके बाद उन्होंने स्कूल के दिनों का एक किस्सा साझा किया, जब जब वी मेट रिलीज़ हुई थी और कैसे उन्होंने खुद को उसमें पूरी तरह पाया।
“मुझे याद है जब जब वी मेट आई थी, मैं 11वीं या 12वीं कक्षा में थी। मेरे दोस्त सुबह का शो देखकर आए और बोले – ‘कृति, हमने तुम्हें ही स्क्रीन पर देखा। रियल लाइफ गीत।’” वो हँसते हुए याद करती हैं। “और ये सिलसिला रुका ही नहीं। सच बताऊं तो मैंने असल में ये डायलॉग कई बार यूज़ किया है – ‘आप कन्विन्स हो गए या मैं और बोलूं?’ और ये जब वी मेट से पहले की बात है!”
“तो हुआ यूं कि उसी दिन मैंने दोपहर में दोस्तों के साथ फिल्म देखी, फिर रात में अपने माता-पिता को लेकर दोबारा देखने गई। उस दिन मैंने जब वी मेट तीन बार देखी क्योंकि मुझे लगा कि ये किरदार बिल्कुल मेरे जैसा है।”
हालांकि आज वो इस तुलना पर हँसती हैं, पर मानती हैं कि उस दौर में उनके अंदर पूरी तरह ‘गीत’ वाली ऊर्जा हुआ करती थी। “अब मैं थोड़ी शांत, मैच्योर और नाज़ुक हो गई हूं… लेकिन तब मैं सच में एक तूफ़ानी लड़की थी।”
काम के मोर्चे पर, कृति ने हाल ही में राणा नायडू 2 से ओटीटी की दुनिया में कदम रखा है, जिसमें उन्होंने एक जटिल किरदार को बेहद दमदार और गहन अंदाज़ में निभाया। इस भूमिका ने न केवल उनके करियर को एक नई दिशा दी है, बल्कि उन्हें खूब सराहना भी मिल रही है।
आने वाले समय में कृति रिस्की रोमियो में नजर आएंगी, जो एक नॉयर शैली की लव स्टोरी है, जिसमें उनके साथ सनी सिंह नज़र आएंगे। यह फिल्म रोमांस के अंधेरे और तीखे पहलुओं को दिखाने का वादा करती है और एक बार फिर कृति की बहुमुखी प्रतिभा और बेखौफ़ अभिनय शैली को दर्शाएगी।
कृति खरबंदा ने किया अपने ‘जब वी मेट’ वाले पल को याद

